पंचकूला : नशा तस्करों की कमर तोड़ने के हरियाणा सरकार के अभियान के तहत फरीदाबाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुये राहुल कालोनी में तीन नशा तस्करों के मकान शनिवार को ध्वस्त कर दिये। पुलिस ने बताया कि ये मकान एसजीएस नगर की राहुल कालोनी में नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से तथा तस्करी से अर्जित कमाई से निर्मित किये गये थे। पुलिस उपाधीक्षक(अपराध) ने निगम को लिखित रूप में सरकारी जमीन पर बने इन अवैध मकानों के बारे में सूचित किया था। इसके पश्चात निगम ने वहां रह रहे आरोपियों सुधीर, संतोष और रणधीर को नोटिस दिया गया तथा बाद में जिला प्रशासन ने पुलिस प्रशासन की मदद से उक्त निर्माण गिरा दिये। सुधीर पर नशीले पदार्थ की तस्करी के सात, संतोष और रणधीर पर तीन-तीन मामले एसजीएम नगर थाने में दर्ज हैं।
