गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दूसरी तिमाही में हाउसिंग बिक्री में वृद्धि

नई दिल्ली : इस वर्ष की दूसरी तिमाही में देश के आठ प्रमुख रियलटी बाजारों में आवासीय भवनों की बिक्री में आठ प्रतिशत की बढोतरी दर्ज की गयी है जबकि नये भवनों की आपूर्ति में 11 प्रतिशत की बढोतरी देखने को मिली है। ऑनलाइन घर खरीदने बेचने में सलाह एवं सेवायें देने वाले प्लेटफॉर्म प्राेपटाइगर डॉट कॉम की नयी रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रियल इनसाइट रेजिडेंशियल-अप्रैल जून 2023 की रिपोर्ट के अनुसार 2023 की दूसरी तिमाही में 80,250 यूनिट की बिक्री हुई, जबकि 2022 की इसी तिमाही में 74,320 घरों की बिक्री हुई थी। इस तिमाही में हुई बिक्री 8 फीसदी ज्यादा है।
इसमें कवर किए गए बाजारों में अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई मेट्रोपोलिटन क्षेत्र, दिल्ली-एनसीआर (नेशनल कैपिटल रीजन) और पुणे शामिल है। मुंबई और पुणे ने घरों की खरीदारी के मामले में लोगों को आकर्षित करना जारी रखा है। 2023 की दूसरी तिमाही में घरों की कुल बिक्री में इन दोनों शहरों का संयुक्त योगदान 61 फीसदी रहा। रेडिजेंशियल क्षेत्र में नई सप्लाई के मोर्चे पर बिल्डरों ने 2023 में अप्रैल-जून की तिमाही के बीच 113,770 यूनिट लॉन्च की, जो पिछले साल के मुकाबले 11 फीसदी अधिक है। 2022 में अप्रैल-जून की तिमाही में 102,140 घरों की नई सप्लाई हुई है। रेजिडेंशियल क्षेत्र में नए घरों की सप्लाई में मुंबई सबसे आगे हैं। इसके बाद पुणे और अहमदाबाद है।
2023 की दूसरी तिमाही में बेची गई रेजिडेंशियल यूनिट में से 15 फीसदी रेडी टू मूव की श्रेणी में थे, जबकि 85 फीसदी निर्माणाधीन मकानों की बिक्री हुई। इस अवधि में 45 से लेकर 75 लाख तक की रेंज में सबसे ज्यादा 27 फीसदी मकानों की बिक्री हुई। कुल बिक्री के लिहाज से इसके बाद 1 करोड़ रुपये से ज्यादा के कीमत के मकानों की बिक्री हुई, जो कुल बिक्री का 25 फीसदी हिस्सा था।
अगर छमाही के आधार पर तुलना की जाए तो बिक्री में 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जबकि नई सप्लाई में 43 फीसदी की ठोस और स्थिर बढ़ोतरी हुई है। 2023 की दूसरी तिमाही में लॉन्च किए गए घरों के बड़े हिस्से की कीमत 45 से 75 लाख रुपये के बीच थी। सभी तरह की लॉन्चिंग में इस तरह के घरों का सबसे बड़ा 33 फीसदी शेयर था। गौरतलब है कि 1 करोड़ से ऊपर के मकानों का ओवरऑल मकानों की बिक्री में बड़ा हिस्सा है, जो कुल लॉन्च किए गए घरों का करीब 29 फीसदी हिस्सा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *