नई दिल्ली : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने दो लापता महिलाओं के मानव बलि का शिकार होने की खबरों को लेकर केरल सरकार को नोटिस जारी किया है। आयोग ने एक बयान जारी कर कहा कि सभ्य समाज में ऐसी घटनाओं की उम्मीद नहीं की जा सकती तथा राज्य अपने नागरिकों का संरक्षक होने के नाते उनकी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है और उन्हें इस तरह की कुप्रथाओं से बचाना उसका दायित्व है जिससे वह बच नहीं सकता है।
आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को मामले की जांच की स्थिति और पीड़ितों के परिवारों को दिये जाने वाले सहायता राशि सहित संपूर्ण विवरण की चार सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने उस मीडिया रिपोर्ट का स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है जिसमें बताया गया है कि केरल की दो महिलाओं के तीन महीने पहले लापता होने की जानकारी पुलिस को दी गयी थी । रिपोर्ट में कहा गया है कि आर्थिक समस्या का सामना कर रहे पीड़ितों की किस्मत संवारने का दावा करने वाले एक स्वयंभू तांत्रिक के अनुष्ठान के दौरान दोनों महिलाएं कथित मानव बलि का शिकार बन गयी।
मानव बलि पर केरल को मानवाधिकार आयोग का नोटिस
