नई दिल्ली/चंडीगढ़ : हरियाणा में पलवल के एक पुलिस निरीक्षक द्वारा कथित रूप सेे जेल से पति को छुड़ाने का झूठा आश्वासन देकर एक महिला से पांच लाख रुपये वसूलने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हरियाणा सरकार से जवाबतलब किया है।
आयोग ने आज यहां जारी एक बयान में बताया कि एक मीडिया रिपोर्ट का स्वत: संज्ञान लेते हुए यह नोटिस जारी किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार क्राइम ब्रांच निरीक्षक ने पीड़िता के जेल में बंद पति को छुड़ाने में मदद का आश्वासन देकर उससे पांच लाख लिये और उसके साथ दुष्कर्म किया। आयोग के अनुसार नोटिस हरियाणा के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक को दिया गया है और छह सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है।
आयोग ने हरियाणा सरकार से इस मामले के साथ यह भी जानना चाहा है कि कार्यस्थल पर महिलाओं की यौन प्रताड़ना की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाये हैं। रिपोर्ट में पिछले एक साल में कार्यस्थल पर किसी सरकारीकर्मी के गैर कर्मचारी महिलाओं समेत महिला कर्मचारियों की यौन प्रताड़ना की शिकायतों के आंकड़े मांगे हैं। पुलिस महानिदेशक से हरियाणा पुलिस में यौन प्रताड़ना रोकने के लिए सांस्थानिक प्रणाली बनाने में विफलता के कारण बताते हुए कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है।
उक्त मामले में आरोपी निरीक्षक के खिलाफ दर्ज मामले का और की गई कार्रवाई का विवरण मांगने के अलावा आयोग ने यह भी जानना चाहा है कि क्या पीड़िता को कोई मुआवजा दिया गया। आयोग ने इसीके साथ महिला के पति, जिसे मई 2020 में आपसी विवाद में कुछ व्यक्तियों पर हमले के आरोप में मामला दर्ज होने के बाद गिरफ्तार किया गया था, को नि:शुल्क कानूनी सहायता मुहैया कराने के निर्देश भी दिये हैं।
