बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी थाना क्षेत्र के बोमिया ग्राम में मायके जाने के विवाद को लेकर 26 वर्षीय महिला की चार बच्चों के सामने हत्या किए जाने के मामले में उसके पति और सास को आज गिरफ्तार कर लिया गया।
बड़वानी के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूप रेखा यादव ने बताया कि 26 वर्षीय सुनीता बाई की हत्या के मामले में आज उसके पति राजेश चौहान और सास वेस्टी बाई कोआज गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि राजेश और सुनीता कुछ दिन पूर्व ही गुजरात से मजदूरी कर वापस अपने घर बोमिया लौटे थे । 14 मार्च की रात्रि सुनीता, उसका पति और सास तीनों ने शराब का सेवन किया था। इसी दौरान सुनीता बाई का भाई उसे बोमिया ही स्थित मायके ले जाने आया था।
राजेश द्वारा मना कर दिए जाने पर कथित तौर पर सुनीता ने वेस्टी बाई को अपशब्द बोले। इसके बाद आपस में हुए पथराव में सुनीता बुरी तरह से घायल हो गई और जिला अस्पताल बड़वानी में उपचार के दौरान अगले दिन उसकी मृत्यु हो गई थी।
राजेश और सुनीता के 4 बच्चे है। उनकी 10 वर्षीय पुत्री ने उनकी नानी को फोन पर घटनाक्रम बताया था। उन्होंने बताया कि चारों बच्चों को उनके ननिहाल पक्ष को सौंप दिया गया है।
महिला की हत्या करने के मामले में पति और सास गिरफ्तार
