गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हैदराबाद : सितंबर तक 100 प्रतिशत सीवेज ट्रीटमेंट

हैदराबाद : तेलंगाना के नगर प्रशासन और शहरी विकास मंत्री के टी रामा राव ने शनिवार को कहा कि राजधानी हैदराबाद में 100 प्रतिशत सीवेज ट्रीटमेंट का लक्ष्य रख गया है जिसे आगामी सितम्बर तक पूरा कर लिया जायेगा। राव ने आज यहां कोकापेट में जलमंडली द्वारा स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 31 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण शुरू हो गया है, जिसकी कुल लागत 3,866 करोड़ रुपये है। इनमें से पहला एसटीपी आज कोकापेट में शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के लगभग 40 प्रतिशत प्रमुख शहरों में समुचित सीवेज ट्रीटमेंट सुविधाओं का अभाव है जबकि सितंबर तक हैदराबाद में 100 प्रतिशत सीवेज ट्रीटमेंट का लक्ष्य हासिल कर लिया जायेगा जो एक उपलब्धि होगी। उन्होंने बताया कि शहर में अब तक 850 करोड़ रुपये का मुफ्त पानी वितरित किया गया है।
हैदराबाद के विकास में सहयोग के अनुरोधों पर केंद्र की प्रतिक्रिया की कमी पर निराशा व्यक्त करते हुए श्री राव कहा कि मेहदीपट्टनम में एक स्काईवॉक के निर्माण के संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से संपर्क किया गया था। इसके अतिरिक्त, नयी लिंक सड़कों और जुबली बस स्टैंड तक विस्तारित स्काईवॉक के लिए भूमि आवंटन के लिए सहयोग मांगा गया लेकिन भूमि आवंटन के वादे के बावजूद केंद्र की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
शहरी विकास मंत्री ने बताया कि मुसी नदी पर 14 पुलों के निर्माण की अनुमति दी गई है, जिसका जल्द ही शिलान्यास किया जाएगा और पांच टेंडर अभी प्रक्रिया में हैं। इसके अलावा शमशाबाद से नागोले तक 55 किलोमीटर तक फैले एक एक्सप्रेसवे का निर्माण मुसी नदी के किनारे किया जाएगा। वहीं मुसी नदी पर एक स्काईवे की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शमशाबाद एयरपोर्ट मेट्रो परियोजना ढाई साल के भीतर पूरी होने की उम्मीद है तथा बीएचईएल से कंदुकुर फार्मेसी तक मेट्रो ट्रेन के निर्माण पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ एक साइकिल ट्रैक की स्थापना की घोषणा की जो अगस्त में शुरू होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *