चेन्नई : भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पास मछली पकड़ने वाली चार नौकाओं को पकड़ा, जिनमें दो भारतीय और दो श्रीलंकाई नौकाएं हैं। चारों नौकाओं में से दो करोड़ रुपये मूल्य के 2.8 टन तेंदू पत्ते को जब्त किया गया। यह जानकारी रक्षा सूत्रों ने मंगलवार को दी। रक्षा सूत्रों के अनुसार, मन्नार की खाड़ी में गश्त लगाने के दौरान वज्र नामक आईसीजी जहाज ने सोमवार को आईएमबीएल के पास तेंदू पत्ते की तस्करी करते हुए मछली पकड़ने वाली दो भारतीय और दो श्रीलंकाई नौकाओं को पकड़ा।
दोनों श्रीलंकाई नौकाओं को पीछा करने के बाद पकड़ा गया क्योंकि वे अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार करने के लिए तेजी से भाग रहे थे। इन नौकाओं में से दो करोड़ रुपये मूल्य के तेंदू पत्ते के 104 बोरे बरामद किए गए, जिसका वजन लगभग 2.8 टन है। चारों नौकाओं को तूतीकोरिन बंदरगाह लाया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय अधिकारियों को सौंप दिया गया।
आईसीजी ने दो भारतीय,दो श्रीलंकाई नावों को पकड़ा,दो करोड़ के तेंदू पत्ते जब्त
