मुंबई : निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई बैंक ने वित्त वर्ष 2022-23 की अंतिम तिमाही में 9852.70 करोड़ रुपये का समग्र लाभ अर्जित किया है जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के लाभ की तुलना में 27.64 प्रतिशत अधिक है। बैंक ने आज शेयर बाजार को बताया कि उसका मार्च तिमाही में एकल शुद्ध लाभ 30 प्रतिशत बढ़कर 9121.87 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल बैंक ने सामान अवधि में 7018.70 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। इस अवधि में बैंक की आय बढ़कर 36,108.88 करोड़ रुपये हो गई है जो एक साल पहले समान अवधि में यह 27,412.32 करोड़ रुपये थी। बैंक का सकल एनपीए 3 प्रतिशत के नीचे आ गया है। मार्च में समाप्त तिमाही में बैंक का एनपीए 2.81 प्रतिशत हो गया है जो कि एक साल पहले मार्च तिमाही में 3.60 प्रतिशत और वित्त वर्ष 2022-23 की दिसंबर तिमाही में 3.07 प्रतिशत था। बैंक ने प्रति शेयर आठ रुपये लाभांश देने का ऐलान किया है।
