गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

झुमका नगरी की पहचान स्मार्ट सिटी के रूप में

बरेली : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि बरेली अभी तक झुमका शहर के रूप में जाना जा रहा था लेकिन अब स्मार्ट सिटी के रूप में इसकी पहचान बढ़ रही है। बरेली कॉलेज ग्राउंड में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री योगी ने 1459 करोड़ की 188 विकास की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बरेली समेत प्रदेश के विकास की प्रतिबद्धता के लिए काम कर रही है। आम जनमानस की सुविधाओं को देखते हुए शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। निवेशकों के परिश्रम और पुरुषार्थ से शहर स्मार्ट हो रहे हैं।
उन्होने कहा कि पिछले साढ़े पांच साल में प्रदेश में बेहतर सुरक्षा और कानून व्यवस्था स्थापित हुई है। बरेली समेत प्रदेश के 18 शहरों को सेफ सिटी बनाने के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका परिवर्तन व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है। जहां पहले तारों के गुच्छे लटक रहे थे। वह शहर और बाजार अब स्मार्ट हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने एक जिला एक उत्पाद योजना समेत कई सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण के चैक दिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी दी। उन्होने कहा कि बरेली समेत पूरे प्रदेश के युवाओं को स्मार्ट बनाया जा रहा है। दो करोड़ युवाओं को स्मार्ट टेबलेट और फोन दिए जा रहे हैं।
सपा बसपा सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े पांच साल से पहले बरेली में कर्फ्यू और बंटवारे हो रहे थे। जब से भाजपा की सरकार है। बरेली में एक भी कर्फ्यू नहीं लगा है। यहां विकास की बयार बहने लगी है। बरेली की कनेक्टिविटी बढ़ी है। अब सड़क से लेकर हवाई कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ रही है। इससे एक शहर से दूसरे शहर का आवागमन सुगम हुआ है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के साथ अब हमें निकाय के बोर्ड को भी लाना होगा। पिछले पांच साल में बोर्ड ने स्मार्ट सिटी में जो विकास के काम किए हैं। उनको और आगे बढ़ाने की जरूरत है। उत्तर प्रदेश जल्द ही देश की नंबर वन अर्थव्यवस्था बनेगा। इस दिशा में व्यापक रूप से तैयारियां शुरू हो गई हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 17700 और ग्रामीण क्षेत्रों में 14000 गरीबों को इस योजना से लाभ पहुंचाया गया। उन्हें आवास मुहैया कराए गए। अकेले बरेली में 31700 लोगों को आवास पिछले पांच साल में आवास मुहैया कराए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 29000 पटरी, रेड़ी, ठेले, खोमचे वालों को ऋण देकर उन्हें स्मार्ट शॉप में परिवर्तित किया गया। इससे लोगों के शहरी जीवन स्तर में सुधार आया है। लोगों के शहरी जीवन में व्यापक परिवर्तन लाने के लिए डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम अच्छा हुआ है। बरेली समेत उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। इससे पिछले पांच साल में बरेली में कोई भी कर्फ्यू दंगा नहीं हुआ है। किसी की हिम्मत नहीं हुई है कि कोई आपके त्योहारों पर व्यवधान डाल दे। इसकी वजह से निवेश का सबसे बड़ा गंतव्य बरेली बन रहा है। उन्होंने कहा कि 10 से 12 फरवरी को इन्वेस्टर सम्मिट होने जा रहा है। इसमें बरेली से जुड़े तमाम उद्यमी रहेंगे। उन्होंने सभी प्रगतिशील किसानों, उद्यमियों, छात्रों, डॉक्टरों, शिक्षकों और प्रबुद्धजनों से कहा कि वह निवेश करें किसी को कोई समस्या नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *