नई दिल्ली : गैर बैंकिंग माईक्रोफाईनेंस कंपनी (एनबीएफसी-एमएफआई) आईआईएफएल समस्ता फाईनेंस सिक्योर्ड बॉन्ड के अपने पहले सार्वजनिक निर्गम के माध्यम से 1,000 करोड़ रुपये तक की पूंजी जुटाएगी। कंपनी का यह निर्गम चार दिसंबर को खुलेगा और 15 दिसंबर को बंद होगा।
कंपनी के ट्रेजरी प्रमुख मोहन कुमार ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा करते हुये कहा कि यह राशि व्यावसायिक वृद्धि और पूंजी निर्माण के लिए जुटायी जा रही है। ये बॉन्ड अत्यधिक सुरक्षा के साथ 10.50 प्रतिशत तक का रिटर्न प्रदान करेंगे। यह एनसीडी बीएसई लिमिटेड और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) पर सूचीबद्ध होगा। बॉन्ड 1,000 रुपये के अंकित मूल्य पर जारी किए जाएंगे और सभी श्रेणियों में आवेदन का न्यूनतम आकार 10,000 रुपये होगा।
उन्होंने कहा कि आईआईएफएल समस्ता फाईनेंस 200 करोड़ रुपये के बॉन्ड जारी करेगा और उसके पास 800 करोड़ रुपये तक के ओवर-सब्सक्रिप्शन (कुल मिलाकर 1,000 करोड़ रुपये) बनाए रखने के लिए ग्रीन-शू का विकल्प भी होगा। ये बॉन्ड 60 महीने की अवधि के लिए 10.50 प्रतिशत प्रतिवर्ष की सर्वाधिक कूपन दर प्रदान करते हैं। ये एनसीडी 24 महीने, 36 महीने और 60 महीने की अवधि के लिए उपलब्ध हैं। ब्याज के भुगतान हर सीरीज़ के लिए मासिक और वार्षिक आधार पर उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा “आईआईएफएल समस्ता अपनी 1,500 शाखाओं के द्वारा पूरे भारत में मजबूत स्थिति में मौजूद है। यह सेवाओं की कमी वाले और उनसे वंचित लोगों की क्रेडिट की जरूरतों को पूरा करता है, जो मुख्यतः अपने विस्तृत पोर्टफोलियो के साथ वंचित पृष्ठभूमि की महिला उद्यमियों पर केंद्रित है। इन बॉन्ड की मदद से एकत्रित किए गए फंड का उपयोग इन ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने और व्यावसायिक वृद्धि लाने के लिए किया जाएगा।”
आईआईएफएल समस्ता फाईनेंस उन महिलाओं को किफायती और अभिनव वित्तीय उत्पाद प्रदान करता है, जो सदस्यों के रूप में पंजीकृत होती हैं, और समाज के वंचित वर्गों से संयुक्त दायित्व समूह में नियोजित होती हैं। इनमें भारत के ग्रामीण, अर्द्धशहरी और शहरी इलाकों से किसान, कृषि मजदूर, सब्जी और फल विक्रेता, कपड़ा व्यापारी, दर्जी, शिल्पकार, और गृहणियाँ एवं औद्योगिक मजदूर आते हैं। इस निर्गम के लीड मैनेजर जेएम फाईनेंशल लिमिटेड, आईआईएफएल सिक्योरिटीज़ लिमिटेड, नुवामा वैल्थ मैनेजमेंट लिमिटेड और ट्रस्ट इन्वेस्टमेंट एडवाईज़र्स प्राईवेट लिमिटेड हैं।
आईआईएफएल समस्ता बॉन्ड से जुटायेगी 1,000 करोड़
