गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अवैध रूप से संग्रहित ईंधन जब्त

खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के औद्योगिक क्षेत्र निमरानी में आज 4 विभागों के संयुक्त दल ने एक पेट्रोल पंप और तीन गोदामों में दबिश देकर करीब 5 करोड रुपए मूल्य का अवैध तथा खतरनाक रूप से संग्रहित 3 लाख लीटर ईंधन जब्त किया है।
मौके पर पहुंचे जिला कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें सूचना प्राप्त हुई थी कि क्षेत्र में संगठित रूप से ईंधन का अवैध संग्रह और विक्रय किया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में खरगोन जिले के अंजनगांव में टैंकर विस्फोट त्रासदी का हवाला देते हुए बताया कि रिहायशी इलाकों में स्थित एक पेट्रोल पंप और तीन गोदामों में खतरनाक रूप से संग्रहित उक्त ईंधन से बड़ी दुर्घटना संभावित थी।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान करीब 5 करोड रुपए मूल्य का 3 लाख लीटर ईंधन (जिसमे केरोसिन, डीजल ,बायोडीजल हो सकता है) जब्त कर पेट्रोल पंप व तीन गोदामों को सील करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि गोदामों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली का गेहूं और यूरिया भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों समेत विशेषज्ञों की एक जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इसमें विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि रिहायशी इलाके में अवैध रूप से भंडारित इंधन मामले की कई विभाग जांच कर रहे हैं। उन्होंने तस्करी की संभावना जताते हुए बताया कि उक्त इंधन गुजरात से लाया गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में कई नियमों का उल्लंघन हुआ है और इसमें बड़े रैकेट के जुड़े होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *