गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

माॅरीशस में हवाईपट्टी, जेट्टी का उद्घाटन

नई दिल्ली/ पोर्ट लुइस : नरेन्द्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मॉरीशस के अगालेगा द्वीप में छह सामुदायिक विकास परियोजनाओं के साथ-साथ नई हवाई पट्टी और सेंट जेम्स जेट्टी का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया और इस बात पर खुशी जाहिर कि कि इन परियोजनाओं से मुख्य भूमि मॉरीशस और अगालेगा के बीच बेहतर कनेक्टिविटी की स्थापित होगी जिससे समुद्री सुरक्षा और मजबूत करेगा और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

मोदी ने वीडियो लिंक से आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम को संबोधित किया। इस माैके पर विदेश मंत्री एस जयशंकर, मॉरीशस के मंत्रिमंडल के सदस्य, अगलेगा द्वीप के गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।
मोदी ने अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए याद किया कि बीते छह माह में दोनों नेताओं की यह पाँचवीं मुलाकात थी। उन्होंने कहा, “भारत और मॉरीशस के बीच जीवंत, मजबूत और अनूठी साझीदारी का प्रमाण है। मॉरीशस हमारी पड़ोसी प्रथम नीति का अहम भागीदार है। हमारे विज़न ‘सागर’ के अंतर्गत मॉरीशस हमारा विशिष्ट सहयोगी है। ग्लोबल साउथ का सदस्य होने के नाते हमारी समान प्राथमिकताएं हैं। पिछले 10 वर्षों में हमारे संबंधों में अभूतपूर्व गति आई है। हमने आपसी सहयोग में नई ऊंचाइयों को हासिल किया है। सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को नया स्वरूप दिया है। हमारे लोग पहले से, भाषा और संस्कृति के सुनहरे धागों से जुड़े हैं। कुछ दिन पहले ही हमने यूपीआई और रूपे कार्ड जैसे प्रयासों से आधुनिक डिजिटल कनेक्टिविटी प्रदान की है।”
मोदी ने कहा कि विकास साझीदारी हमारे रणनीतिक संबंधों का अहम स्तंभ रहा है। हमारी विकास भागीदारी मॉरीशस की प्राथमिकताओं पर आधारित हैं। चाहे वो मॉरीशस की एक्सक्लूसिव इकॉनोमिक ज़ोन (ईईज़ेड) सुरक्षा से जुड़ी जरूरते हों, या फिर स्वास्थ्य सुरक्षा, भारत ने हमेशा मॉरीशस की जरूरतों का सम्मान किया है। संकट कोविड महामारी का हो, या तेल रिसाव का, भारत हमेशा अपने मित्र मॉरीशस के लिए पहला मददगार रहा है। मॉरीशस के सामान्य मानवीय के जीवन में सार्थक बदलाव हो, यही हमारे प्रयासों का मूल उद्देश्य है। पिछले 10 वर्षों में, लगभग एक अरब डॉलर की ऋण सुविधा और 40 करोड़ डॉलर की सहायता मॉरीशस के लोगों के लिए उपलब्ध कराई गई है। मॉरीशस में मेट्रो लाइन के विकास से लेकर, सामुदायिक विकास परियोजनाओं, सामाजिक आवासन, ईएनटी अस्पताल, सिविल सर्विस कॉलेज और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसे बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं में भागीदारी करने का सौभाग्य मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन हमारी विकास साझेदारी के लिए एक विशेष महत्व रखता है। खुशी की बात है कि 2015 में अगलेगा के वासियों के विकास के लिए उन्होंने जो वादा किया था, आज हम उसे पूरा होते हुए देख रहे हैं। भारत में आजकल इसे ‘मोदी की गारंटी’ कहा जा रहा है। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि जिन सुविधाओं का हमने मिलकर लोकार्पण किया है, इनसे जीवन की सुगमता को बल मिलेगा। मॉरीशस के उत्तर और दक्षिण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ेगी। मुख्यभूमि से प्रशासनिक सहयोग आसान होगा। सामाजिक और आर्थिक विकास को बल मिलेगा। मेडिकल उपचार के लिए आपातकालीन परिस्थिति में पहुंचना और शिक्षा के लिए स्कूली बच्चों की यात्रा में सहजता होगी।
मोदी ने कहा कि हिन्द महासागर क्षेत्र में अनेक पारंपरिक और गैर-पारंपरिक चुनौतियाँ उभर रही हैं। ये सभी चुनौतियाँ हमारी अर्थव्यवस्था को प्रभावित करती हैं। इनसे निपटने के लिए, भारत और मॉरीशस, समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में स्वाभाविक साझेदार हैं। हिन्द महासागरीय क्षेत्र में सुरक्षा, समृद्धि और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए हम सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। ईईज़ेड की निगरानी, जॉइंट पेट्रोलिंग, हाइड्रोग्राफी, और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत, सभी क्षेत्रों में हम मिलकर सहयोग कर रहे हैं। अगालेगा में हवाईपट्टी और जेट्टी का आज उद्घाटन हमारे सहयोग को और आगे बढ़ाएगा। इससे मॉरीशस में ब्लू इकोनॉमी को भी मजबूती मिलेगी।
मोदी ने प्रधानमंत्री जगन्नाथ की इस बात के लिए सराहना की कि उन्होंने मॉरीशस में जन औषधि केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा, “मॉरीशस पहला देश होगा जो हमारी जन-औषधि पहल से जुड़ेगा। इससे मॉरीशस के लोगों को भारत में बनी बेहतर गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयों का लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ के दूरदर्शी विजन और गतिशील नेतृत्व से आने वाले समय में दोनों नेता मिलकर भारत और मॉरीशस संबंधों को नई ऊंचाइयाँ दिलाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *