भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रदेश के सभी सरकारी कर्मचारियाें के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने यहां जारी एक बयान में श्रावण माह के तीसरे सोमवार की बधाई देते हुए प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता बढ़ाने की महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते, जो वर्तमान में 31 प्रतिशत है, को 3 प्रतिशत बढ़ाकर 34 प्रतिशत किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह महंगाई भत्ता केंद्र सरकार के शासकीय सेवकों के बराबर होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अगस्त के वेतन से जो माह सितंबर में भुगतान होगा से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से इस वित्तीय वर्ष में लगभग रुपए 625 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पेंशनर्स की महंगाई राहत को भी छत्तीसगढ़ से सहमति प्राप्त कर इसी अनुसार बढ़ाया जाएगा।
