गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हैदराबाद में अक्टूबर में मकानों की रजिस्ट्री में वृद्धि

हैदराबाद : रियल स्टेट कंसल्टेंसी कंपनी नाइट फ्रैंक इंडिया की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार हैदराबाद में इस साल अक्टूबर में 5,787 आवासीय संपत्तियों के पंजीकरण कराए गए। यह सालाना आधार पर 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। नाइट फ्रैंक इंडिया की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार आलोच्य माह में पंजीकृत इन संपत्तियों का कुल मूल्य 3,170 करोड़ रुपये था, जो कि सालाना आधार पर मूल्य के हिसाब से 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।रिपोर्ट के अनुसार यह इस बात की ओर संकेत है कि इस साल अक्टूबर में उच्च मूल्य वाले घरों की बिक्री का रुझान तेज रहा ।
यह रिपोर्ट हैदराबाद महानगर के चार जिलों हैदराबाद, मेडचल-मलकजगिरी, रंगारेड्डी और संगारेड्डी जिलों के आंकड़ों पर आधारित है। अक्टूबर 2023 में, हैदराबाद में पंजीकृत कराई गयी आवासीय संपत्तियों में 50 प्रतिशत सम्पत्तियां 25 – 50 लाख रुपये की कीमत के दायरे की हैं। इस दौरान 25 लाख रुपये से कम कीमत की संपत्तियों का कुल पंजीकृत सम्पत्तियों में हिस्सा 16 प्रतिश था। वर्ष 2022 के दौरान दर्ज इस श्रेणी की संपत्तियों का अनुपात 22 प्रतिशत था।
इसी तरह इनमें 1 करोड़ रुपये और उससे अधिक मूल्य की संपत्तियों का हिस्सा 10 प्रतिशत रहा जो अक्टूबर 2022 के 8 की तुलना में अधिक है। अक्टूबर 2023 में पंजीकृत 69 प्रतिशत संपत्तियाँ 1,000-2,000 वर्ग फुट के दायरे की रहीं। छोटे घरों (500 -1,000 वर्ग फुट) की मांग में नरमी देखी और इस श्रेणी के लिए पंजीकरण कहा हिस्सा अक्टूबर 2022 के 21 प्रतिशत से घटकर इस वर्ष अक्टूबर में 16 प्रतिशत पर आ गया।
इस दौरान 2,000 वर्ग फुट से बड़ी संपत्तियों की मांग बढ़ी और पंजीकृत सम्पत्तियों में इस वर्ग का हिस्सा सालाना आधार पर 10 प्रतिशत से बढ़कर 12 प्रतिशत हो गया। पंजीकृत कुल सम्पत्तियों में 43 प्रतिशत मेडचल-मलकजगिरी , 42 प्रतिशत रंगारेड्डी में हैं। हैदराबाद जिले का हिस्सा 14 प्रतिशत रहा। नाइट फ्रैंक की विज्ञप्ति में कहा गया है कि हैदराबाद, मेडचल-मलकजगिरी और रंगारेड्डी सभी में संपत्ति की कीमतों में सालाना आधार पर औसतन 6 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *