गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भारत में बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में जुलाई में वृद्धि

नई दिल्ली : कोयला, सीमेंट और इस्पात क्षेत्र के अच्छे प्रदर्शन के साथ जुलाई, 2023 में भारत में आठ आधारभूत उद्योगों के सम्मिलित उत्पादन में एक साल पहले की तुलना में आठ प्रतिशत की मजबूत वृद्धि देखी गयी। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) की ओर से गुरुवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है , “ आठ प्रमुख उद्योगों (आईसीआई) का संयुक्त सूचकांक जुलाई 2022 के सूचकांक की तुलना में जुलाई 2023 में 8.0 प्रतिशत (अनंतिम) बढ़ गया। ”
विज्ञप्ति के अनुसार इस बार जुलाई में कोयला, इस्पात, प्राकृतिक गैस, सीमेंट, बिजली, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक और कच्चे तेल-इन आठों उद्योगों का उत्पादन पिछले साल के इसी महीने की तुलना में ऊंचा रहा। इन आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों का देश के कुल औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में 40.27 प्रतिशत योगदान है।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2023 में कोयला उत्पादन में सालना आधार पर 14.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि कच्चे तेल के उत्पादन में 2.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। जुलाई 2023 में इस्पात उत्पादन वार्षिक आधार पर 13.5 प्रतिशत ऊंचा रहा जबकि सीमेंट उत्पादन 7.1 प्रतिशत बढ़ा। जुलाई 2022 की तुलना में जुलाई 2023 में बिजली उत्पादन में 6.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। इसी तरह प्राकृतिक गैस, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादों और उर्वरकों का उत्पादन एक वर्ष पहले इसी माह की तुलना में क्रमशः 8.9 प्रतिशत, 3.6 प्रतिशत और 3.3 प्रतिशत ऊंचा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *