गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

महिला लेखपाल के साथ अभद्रता, सपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज

जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में महिला लेखपाल शालिनी कटियार को अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और दबंगई दिखाने वाले समाजवादी नेता ग्राम प्रधान के खिलाफ गुरुवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपित ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी के लिए उसका मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगा दिया है। उधर लेखपाल संघ ने भी दबंग ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपने की रणनीति बनाई है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में शाहगंज तहसील की महिला लेखपाल शालिनी कटियार पीएम जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत खेतासराय थाना क्षेत्र के नौली ग्राम सभा में बनने वाली पानी टंकी के लिए भूमि का सीमांकन करने के लिए 16 नवम्बर को अपराह्न साढ़े चार बजे वहां गईं थी। इस दौरान गांव के दबंग ग्राम प्रधान रोशन लाल राजभर ने महिला लेखपाल को सरेआम भद्दी भद्दी गालियां देते हुए उन्हें स्कूटी से ढकेल दिया। महिला लेखपाल ने ग्राम प्रधान को समझाना चाहा तो ग्राम प्रधान डंडा लेकर उन्हें दौड़ा लिया और उनका बैग छीनते हुए नौली ग्राम सभा का खसरा और अन्य राजस्व रिकॉर्ड फाड़ दिया।
ग्राम प्रधान ने महिला कर्मचारी को धमकाते हुए कहा कि बिना मेरी अनुमति के तुम गांव में कैसे आ गई। दुबारा गांव में दिखाई दी तो जान मार दिया जाएगा।
ग्राम प्रधान के इस दुस्साहस से आक्रोशित उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार, शाहगंज तहसील अध्यक्ष विकास सिंह, कस्बा कानूनगो संजय कुमार राय समेत छह लेखपाल ने मामले की शिकायत देर रात को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी अंकित कुमार से की थी। जिसके बाद आज खेतासराय पुलिस ने आरोपित ग्राम प्रधान रोशन लाल राजभर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्ना धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। ग्राम प्रधान प्रदेश के पूर्व परिवहन मंत्री राम अचल राजभर का बेहद करीबी है। बसपा सरकार में जिले में इसकी खासी तूती बोलती थी। सूबे में सत्ता शासन बदलने के बाद भी उसकी दबंगई आज भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *