गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

द्विपक्षीय संबंधों का दायरा बढ़ाएंगे भारत और मलेशिया

नई दिल्ली : भारत और मलेशिया ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की समीक्षा के साथ-साथ इनका दायरा बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है। दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग पर उप समिति की गुरुवार को यहां हुई 10वीं बैठक में इस पर सहमति बनी। बातचीत में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव (अंतर्राष्ट्रीय सहयोग) अमिताभ प्रसाद ने किया, जबकि मलेशियाई पक्ष का नेतृत्व वहां के असिस्टेंट चीफ ऑफ स्टाफ, रक्षा संचालन एवं प्रशिक्षण विभाग के मेजर जनरल खैरुल बिन अब्द अजीज ने किया।
बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच मौजूदा रक्षा सहयोग की समीक्षा की गई और पारस्परिक हितों के मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और विस्तार देने के लिए प्रभावी और व्यावहारिक अवसरों के बारे में चर्चा की। भारतीय पक्ष ने पोत निर्माण और रखरखाव योजनाओं में मलेशियाई सशस्त्र बलों के साथ सहयोग करने की क्षमता और योग्यता के साथ भारतीय रक्षा उद्योग की संभावनाओं का उल्लेख किया।

दोनों सह-अध्यक्षों ने 12वीं मलेशिया-भारत रक्षा सहयोग समिति बैठक के संभावित परिणामों पर भी चर्चा की, जो इस साल सितंबर में भारत में रक्षा सचिव के स्तर पर आयोजित की जाएगी। दोनों पक्षों ने आपसी विश्वास और समझ, सामान्य हितों तथा लोकतंत्र और कानून एवं शासन के साझा मूल्यों के आधार पर उन्नत सामरिक साझेदारी को पूरी तरह से लागू करने की अपनी प्रतिबद्धता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *