नई दिल्ली : भारत और मालदीव ने रक्षा सहयोग तथा दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत बनाने और क्षेत्र में शांति, स्थिरता एवं सुरक्षा बनाये रखने तथा सुरक्षा चुनौतियों से मिलकर निपटने पर सहमति व्यक्त की है। मालदीव यात्रा पर गये सिंह ने वहां की रक्षा मंत्री मारिया दीदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने भारत और मालदीव के बीच रक्षा सहयोग तथा दीर्घकालिक साझेदारी को मज़बूत बनाने पर बातचीत की। उन्होंने व्यापक क्षेत्रीय तथा आपसी चिंता के वैश्विक सुरक्षा विषयों पर चर्चा की और रक्षा तथा सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को प्रगाढ़ बनाने पर सहमति व्यक्त की। दोनों मंत्रियों ने क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने के महत्व की फिर से पुष्टि की और समान सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में एक साथ काम करने की आवश्यकता को स्वीकार किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानूनों और नियम आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था का सम्मान करने के महत्व का उल्लेख किया तथा इन सिद्धांतों को बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
दोनों मंत्रियों ने संयुक्त अभ्यास तथा एक-दूसरे देशों में सैन्य अधिकारियों की यात्राओं सहित दोनों पड़ोसियों के बीच जारी रक्षा सहयोग में प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने आतंकवाद का मुकाबला,आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा तथा समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में श्रेष्ठ व्यवहारों तथा विशेषज्ञता को साझा करने के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने रक्षा व्यापार, क्षमता निर्माण तथा संयुक्त अभ्यास जैसे क्षेत्रों सहित सहयोग के अतिरिक्त उपाय तलाशने पर सहमति व्यक्त की।
उन्होंने दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने तथा दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच आदान-प्रदान पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने परस्पर साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की और भविष्य में बातचीत और सहयोग जारी रखने की भावना वयक्त की। यात्रा के दौरान सिंह ने मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह से शिष्टाचार भेंट की और विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद से मुलाकात की। स्वदेश रवाना होने से पहले सिंह ने गर्मजोशी भरे और सद्भावपूर्ण आतिथ्य के लिए मालदीव की सराहना की।
