गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भारत, अर्जेंटीना ने आपसी सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की

ब्यूनस आयर्स : भारत और अर्जेंटीना ने हेल्थकेयर एवं फार्मा, ऊर्जा, खनन, रक्षा, रेलवे, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, कृषि सहित प्रमुख क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।
ब्यूनस आयर्स में शुक्रवार को दोनों देशों के विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) के सातवें दौर की बैठक में यह चर्चा की। बैठक में वार्ता की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) जयदीप मजूमदार और विदेश मामलों के उप मंत्री लियोपोल्डो फ्रांसिस्को सहोरेस ने की। एफओसी का आखिरी दौर नवंबर 2021 में नई दिल्ली में आयोजित किया गया था।
एक बयान में कहा गया कि बैठक में दोनों पक्षों ने अपने संबंधों के संपूर्ण पहलू पर व्यापक चर्चा की। राजनीतिक, व्यापार और आर्थिक संबंधों के अलावा, दोनों प्रतिनिधिमंडलों ने हेल्थकेयर और फार्मा, ऊर्जा, खनन, रक्षा, रेलवे, परमाणु, अंतरिक्ष, कृषि, संस्कृति और कांसुलर मुद्दों सहित सहयोग के अन्य प्रमुख क्षेत्रों की समीक्षा की। दोनों पक्षों ने साझा हित के विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
दोनों पक्ष उच्च स्तरीय यात्राओं के आदान-प्रदान को बढ़ाने पर सहमत हुए। एफओसी का अगला दौर नयी दिल्ली में पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तारीख पर आयोजित करने पर भी सहमति हुई। बैठक में अर्जेंटीना के विदेश मंत्री की आगामी भारत यात्रा से पहले द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति का जायजा लेने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *