बेंगलुरू : नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि महामारी और युद्ध से प्रभावित दुनिया में भारत लगातार वैश्विक स्तर पर बेहतर स्थान बनाये हुए है।
मोदी ने यह टिप्पणी हाल ही में जारी आईएमएफ की उस रिपोर्ट के संदर्भ में की जिसमें भारत के सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था होने के अनुमान का जिक्र किया गया था। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए देश में स्थिर एवं निर्णायक सरकार निरंतर सुधार तथा जमीनी स्तर पर सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण जैसे कारकों का हवाला दिया।
उन्होंने देश के करोड़ों लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव का उल्लेख किया जहां वे गरीबी से बाहर आये और मध्यम वर्ग के स्तर तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि देश में छह लाख किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर बिछाया गया है, ताकि हर गांव में इंटरनेट की सुविधा हो। उन्होंने पिछले नौ वर्षों के विकास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारत दुनिया में मोबाइल फोन का दूसरा सबसे बड़ा निर्माता बन गया है तथा देश में ब्रॉडबैंड उपयोगकर्ताओं की संख्या 13 गुना और इंटरनेट कनेक्शन तीन गुना बढ़ गये हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
प्रधानमंत्री ने भारतीय नागरिकों की आकांक्षाओं को साकार करने में ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका की ओर इशारा करते हुए कि देश के लोग बेहतर उत्पाद, बेहतर सेवाएं और बेहतर बुनियादी ढांचा चाहते हैं। उन्होंने बताया कि भारत ऊर्जा सप्ताह जी20 कैलेंडर का पहला महत्वपूर्ण ऊर्जा कार्यक्रम है और उन्होंने इस अवसर पर सभी का स्वागत किया।
इक्कीसवीं सदी के विश्व के भविष्य की दिशा निर्धारित करने में ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा “ भारत ऊर्जा परिवर्तन और ऊर्जा के नए संसाधनों के विकास के लिए दुनिया की सबसे मजबूत आवाजों में से एक है। भारत में अभूतपूर्व संभावनाएं उभर रही हैं जो एक विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।”
इससे पहले प्रधानमंत्री ने यहां इंडिया एनर्जी वीक -2023 का उद्घाटन किया। उन्होंने इंडियन ऑयल की ‘अनबॉटल्ड’ पहल के तहत यूनिफॉर्म लॉन्च की तथा इंडोर सोलर कुकिंग सिस्टम के ट्विन-कुकटॉप मॉडल को भी समर्पित किया और इसके व्यावसायिक रोलआउट को हरी झंडी दिखाई।
वैश्विक स्तर पर बेहतर बना हुआ है भारत
