गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भारत सड़क नेटवर्क वाला दूसरा सबसे बड़ा देश

नई दिल्ली : सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि पिछले नौ वर्ष में देश में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई लगभग 59 प्रतिशत बढ़ी है जिससे अमेरिका के बाद भारत दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क वाला देश बन गया है।

गडकरी ने मंगलवार को यहां कहा कि 2013-14 में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई 91,287 किमी थी जो 2022-23 में 59 फीसदी बढ़कर 1,45,240 किमी हो गई है। इस अवधि में चार लेन के राष्ट्रीय राजमार्ग भी 18,371 किमी से बढ़कर लगभग दोगुना होकर 44,654 किमी हो गयी है।
फास्टैग से टोल संग्रह में आई ज़बरदस्त उछाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि टोल से राजस्व संग्रहण 2013-14 के 4,700 करोड़ से बढ़कर 2022-23 में 41,342 करोड़ हो गया है। उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य 2030 तक टोल राजस्व संग्रह को 1,30,000 करोड़ तक पहुँचना है।
उन्होंने कहा कि फास्टैग के इस्तेमाल से टोल प्लाज़ा पर प्रतीक्षा समय भी कम घटा है। नौ साल पहले यानी 2014 में टोल प्लाज़ा पर प्रतीक्षा समय 734 सेकेंड था जो 2023 में घटकर 47 सेकंड रह गया है जिसे घटाकर जल्द 30 सेकेंड करने का लक्ष्य है। फास्टैग से टोल प्लाजा पर इंतज़ार के घटे समय के कारण तेल की खपत भी घटी है। इस सम्बंध में एक शोध का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि टोल प्लाज़ा पर इंतजार के कारण बर्बाद होने वाले ईंधन खर्च में लगभग 70,000 करोड़ रुपए की बचत हुई है।
उत्तर पूर्व क्षेत्र में सड़क राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में राजमार्ग विस्तार पर विशेष ज़ोर दिया जा रहा है और क्षेत्र में 2 लाख करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा के सुखद अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से सड़क किनारों पर 670 सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राजमार्ग उम्र में हरियाली को भी महत्व दिया जा रहा है और पिछले नौ वर्षों में 68,000 से अधिक पेड़ों का प्रत्यारोपण किया है जबकि 3.86 करोड़ नए पेड़ लगाए है। इसी तरह से देश-भर में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे 1500 से अधिक अमृत सरोवर विकसित किए गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *