गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इंडिया भाजपा को टक्कर देने के लिए तैयार

कोलकाता : ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जैसे ही हमारे गठबंधन ‘इंडिया’ के बारे में पता चला उसका खेमा डर से कांपने लगा। बनर्जी ने भगवा ब्रिगेड पर कटाक्ष करते हुए दोहराया कि केंद्र में भाजपा शासन के दौरान लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि भाजपा का एकमात्र लक्ष्य देश में अशांति, हिंसा और समाज को विभाजित करना है और विनाशकारी राजनीति में लिप्त होने के अलावा उनके पास कोई अन्य काम नहीं है। उन्होंने कहा कि हालांकि, इंडिया लड़ाई के लिए तैयार है और भाजपा को निर्णायक जवाब देगी। लोग भाजपा को जवाब देंगे, इंडिया लड़ाई का सामना करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकारों को गिराने का सपना देखने वाली भाजपा को अब एहसास हो गया है कि केंद्र में उनकी सरकार को इंडिया के लोग बहुत जल्द ही गिरा देंगे। राज्य के पंचायत चुनाव में हुई हिंसा में घायल तृणमूल कार्यकर्ताओं से मिलने सरकारी एसएसकेएम अस्पताल पहुंची मुख्यमंत्री ने कहा कि “मैं नंदीग्राम और खेजुरी में भाजपा के हमले का शिकार हुए लोगों से मिलने एसएसकेएम अस्पताल आई हूं। पूरे राज्य में भाजपा द्वारा की गई हिंसा निंदनीय है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि “भाजपा हमें चुनाव में नहीं हरा सकी इसलिए उसने हिंसा का सहारा लिया और हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं की पिटाई की। उनमें से कुछ बुरी तरह से जल भी गए हैं। हमारे मंत्री पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं और हम उन्हें सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।” उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा के लिए हो-हल्ला मचाने वाले सभी लोगों को पता होना चाहिए कि हताहतों की अधिकतम संख्या टीएमसी कार्यकर्ताओं की है और सबसे ज्यादा मृतक और घायल हमारी पार्टी के लोग हैं।
सुश्री बनर्जी ने किया कि जिन लोगों की पूरे पंचायत चुनाव अभियान के दौरान हिंसा में मौत हुई है, चाहे वह चुनाव से पहले हो, या चुनाव के बाद या चुनाव के दिन, हम उनके परिवारों को राज्य सरकार की ओर से दो लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे रहे हैं एवं पंचायत चुनाव में विपक्ष द्वारा की गई हिंसा में जो लोग घायल हुए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं, उन्हें मुआवजे के रूप में 50 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शेष राशि हम अगले कुछ दिनों में वितरित कर देंगे। नौकरियां भी तैयार हैं, हम जल्द ही मृतकों के परिजनों को पत्र देना शुरू करेंगे। बनर्जी ने कहा कि भगवा ब्रिगेड विभाजनकारी राजनीति कर रही है और लोगों में दरार उत्पन्न कर रही है। हिंसा और अराजकता उनका मुख्य हथियार है लेकिन जब तक मैं जिंदा हूं, कोई भी बंगाल को नुकसान नहीं पहुंचा सकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *