गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भारत ने किया छोटी इलायची, हल्दी, वनिला के मानकों का समर्थन

नई दिल्ली : भारत ने कोडेक्स एलीमेंटेरियस आयोग में छोटी इलायची, हल्दी और वनिला सहित विभिन्न मसालों के लिए मानकों के विकास की प्रगति का मजबूती से समर्थन किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यहां बताया कि भौगोलिक आधार (एशिया) से चुने गए एक सदस्य के रूप में भारत कोडेक्स एलीमेंटेरियस आयोग की कार्यकारी समिति के 86वें सत्र में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जी. कमला वर्धन राव एक से पांच जुलाई तक रोम में खाद्य एवं कृषि संगठन मुख्यालय में आयोजित सत्र में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
खाद्य एवं कृषि संगठन और विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा स्थापित इस अंतरराष्ट्रीय निकाय कोडेक्स एलीमेंटेरियस आयोग का उद्देश्य उपभोक्ता स्वास्थ्य की रक्षा करना और खाद्य व्यापार में न्‍याय संगत प्रथाओं को बढ़ावा देना है।
मंत्रालय ने कहा कि भारत ने कोडेक्स एलीमेंटेरियस आयोग में छोटी इलायची, हल्दी और वनिला सहित विभिन्न मसालों के लिए मानकों के विकास की प्रगति का मजबूती से समर्थन किया है। यह भारत के लिए विशेष रूप से बहुत महत्वपूर्ण है। यह इन मसालों का एक प्रमुख उत्पादक और निर्यातक देश है। इससे अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में सुगमता भी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *