अमृतसर : पंजाब के अमृतसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रुति विज ने शुक्रवार को कहा कि 2047 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश को विकासशील से विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए हर नागरिक प्रयासरत है। स्थानीय मजीठा रोड पर विकसित भारत संकल्प यात्रा के पहुंचने पर उन्होंने कहा कि आज हमारा देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसका लोहा विकसित देश भी मानते हैं।
उन्होने कहा कि देश की एकमात्र पार्टी भाजपा ही इस संकल्प को पूरा कर सकती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लोगों ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है ठीक उसी प्रकार 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में देश की जनता का जनादेश भाजपा के पक्ष में होगा।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के बारे में बताते हुए श्रुति विज ने कहा कि लोगों को केंद्र सरकार की ओर से 15 तरह की सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए अलग-अलग विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं। जिनमें पीएम उज्ज्वला योजना, पीएम मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, पीएम जन आरोग्य योजना, पीएम भारतीय जन औषधि परियोजना, पीएम जन धन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम किसान योजना, पंजाब हेरिटेज सर्कल, स्टार्टअप इंडिया, उड़ान, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजनाओं को आम जनता को उपलब्ध करवाया गया।
