नई दिल्ली : आवास एवं शहरी मामलों तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भारत का मेट्रो रेल नेटवर्क जल्दी ही दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क हो जाएगा। पुरी ने कहा कि सरकार देश भर में शहरी परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक पुरी आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय (एमओएचयूए) से जुड़ी संसद की सलाहकार समिति के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे।
बैठक का एजेंडा शहरी परिवहन था। इसमें मंत्रालय के शहरी परिवहन विभाग में संयुक्त सचिव जयदीप ने देश भर में
मेट्रो नेटवर्क के विकास पर विवरण भी प्रस्तुत किया।
सांसदों के सवालों के जवाब में पुरी ने बताया कि फिलहाल देशभर के 20 शहरों में करीब 874 किलोमीटर मेट्रो रेल चालू है और विभिन्न शहरों में करीब 986 किलोमीटर मेट्रो रेल निर्माणाधीन है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बनाने की राह पर है। इस मामले में चीन और अमेरिका अभी क्रमश: पहले तथा तीसरे स्थान पर हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार चीन में कुछ समय पूर्व तक रेल का कुल नेटवर्क 9800 किलोमीटर तथा अमेरिका में यह 1400 किलोमीटर के आस पास है।
विज्ञप्ति के अनुसार श्री पुरी ने सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर 10,000 ई-बसों को तैनात करके सिटी बस संचालन को बढ़ाने के लिए हाल ही में कैबिनेट द्वारा अनुमोदित एक योजना ‘पीएम-ईबस सेवा’ के बारे में भी उल्लेख किया।
गुरुवार को आयोजित बैठक में आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री श्री कौशल किशोर सांसद सर्वश्री ए.के.पी. चिनराज, एम.वी.वी. सत्यनारायण, डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे, रमेश बिधूड़ी, अबीर रंजन विश्वास, श्रीमती वंदना चव्हाण, श्री मनोज जोशी तथा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामल थे।
जल्द ही दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क होगा भारत होगा
