गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मलेशिया की चुनौती के लिये तैयार भारतीय महिलाएं

सलालाह (ओमान) : भारतीय महिला हॉकी टीम शुक्रवार को यहां मलेशिया के खिलाफ महिला एशियाई हॉकी 5एस विश्व कप क्वालीफायर में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह टूर्नामेंट 25 से 28 अगस्त तक होने वाला है। भारत का सामना एलीट पूल में मलेशिया के अलावा जापान और थाईलैंड से होगा। चैलेंजर्स पूल में हांगकांग, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, बंगलादेश, ईरान और मेज़बान ओमान शामिल हैं।
एफआईएच हॉकी 5एस विश्व कप 2024 में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। मेजबान देश होने के नाते ओमान पहले ही क्वालीफाई कर चुका है। भारतीय महिलाओं को विश्व कप का टिकट कटाने के लिये क्वालीफायर टूर्नामेंट में शीर्ष तीन में रहना होगा। इसके अलावा, अफ्रीका, अमेरिका, यूरोप और ओशिनिया की शीर्ष तीन टीमें भी 2024 हॉकी 5एस विश्व कप के लिये क्वालीफाई करेंगी।
मलेशिया से आखिरी बार भारतीय महिला टीम का सामना हॉकी एशिया कप 2022 में हुआ था, जहां भारत ने 9-0 की विशाल जीत हासिल की थी। उस टूर्नामेंट में भारत की टक्कर जापान से भी हुई थी। उस मुकाबले में भारतीय महिलाओं को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था। थाईलैंड से भारत की आखिरी भिड़त महिला एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी में हुई थी जब भारतीय महिला टीम 13-0 के अंतर से जीती थी।
खेल के इस तेज़तर्रार और रोमांचक प्रारूप में हालांकि भारत किसी भी प्रतिद्वंदी को हल्के में नहीं आंक सकता। भारत की कप्तान नवजोत कौर का कहना है कि उनकी टीम को अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर रहना होगा। कप्तान कौर ने कहा, “क्वालीफायर में कुछ टीमें मज़बूत हैं इसलिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। हम किसी को भी हल्के में नहीं ले सकते। हम आक्रामक हॉकी खेलने की कोशिश करेंगे और 2024 एफआईएच हॉकी 5एस विश्व कप में पहुंचने के लिये कड़ी मेहनत करेंगे। पिछले कुछ महीनों में अपनी ताकत और कमजोरियों पर काम करने के बाद हम सर्वश्रेष्ठ बनने और पहला स्थान हासिल करने का लक्ष्य रखेंगे।’
इस बीच, कप्तान की बातों से सहमति जताते हुए उप-कप्तान ज्योति ने कहा, “यहां भाग लेने वाली प्रत्येक टीम सर्वश्रेष्ठ बनना चाहती है। हम समझते हैं कि दांव पर क्या है, और हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेंगे। हम जिम में बहुत पसीना बहा रहे हैं। तैयारियां बेहतरीन रही हैं और हमारे पिछले प्रदर्शन से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। हम इस प्रारूप में उच्चतम स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करने के लिये उत्सुक हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *