भोपाल : आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 के तहत आज मेलबोर्न में खेले गए क्रिकेट मैच में भारत की परंपरागत प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत के बाद मध्यप्रदेश में भी जश्न का माहौल बन गया और दीपावली के एक दिन पहले क्रिकेट प्रेमियों ने ”छोटी दिवाली” मनायी।
बीसवें ओवर की अंतिम गेंद पर भारत की विजय सुनिश्चित होने के तत्काल बाद भोपाल और अन्य शहरों में पटाखे फूटने लगे और लोगों ने शानदार आतिशबाजी की। मैच देख रहे लोग खुशी से झूम उठे। सोशल मीडिया पर सभी लोग एक दूसरे को शानदार विजय की शुभकामनाएं देने के साथ ही विराट कोहली और हार्दिक पंड्या की प्रशंसा करते दिखे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी शानदार विजय के तत्काल बाद टीम इंडिया को सोशल मीडिया के जरिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विराट कोहली के असाधारण खेल की तारीफ की और कहा कि दरअसल पूरी टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया और परिणाम सबके सामने हैं।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने ट्वीट के जरिए कहा कि भारतीय टीम ने रोमांचक मैच में पाकिस्तान को चार विकेट से पराजित कर शानदार विजय हासिल की। ऐतिहासिक जीत के लिए टीम इंडिया को हार्दिक बधाई।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भारतीय टीम की विजय पर अपने ट्वीट में कहा कि विराट ने महान पारी खेली है। प्रदेश भाजपा और कांग्रेस के अनेक नेताओं ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से टीम इंडिया को शुभकामनाएं दी हैं और जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की है। सामान्यत: सभी लोग विराट कोहली और हार्दिक पंड्या के खेल की सराहना करते दिखे।
भारत की पाकिस्तान पर ऐतिहासिक विजय
