गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इंडी गठबंधन परिवार की पार्टियों का जमावड़ा

सिरोंज : जे पी नड्डा ने आज विपक्षी दलों के “इंडी गठबंधन” को परिवार की पार्टियों का जमावड़ा बताते हुए कहा कि इन सभी के अपने स्वार्थ हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।
श्री नड्डा ने सागर संसदीय क्षेत्र के सिंरोज में पार्टी प्रत्याशी श्रीमती लता वानखेड़े के पक्ष में शाम को चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा लोकसभा चुनाव में एक तरफ श्री मोदी हैं, तो दूसरी ओर “इंडी गठबंधन” में घमंडिया लोग हैं। इसमें शामिल लोग सिर्फ अपने परिवार का हित देख रहे हैं। इस गठबंधन के लोग भ्रष्टाचारियों को बचाने के काम में लगे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री मोदी भ्रष्टाचार को समाप्त करना चाहते हैं। कांग्रेस के कार्यकाल में टूजी घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, चीनी घोटाला, चावल घोटाल, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला, अगस्ता हेलीकॉप्टर घोटाला और अन्य घोटाले हुए। इसी तरह लालू यादव के कार्यकाल में चारा घोटाला हुआ। ये लोग नौकरी के बदले जमीन खा गए। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने शराब घोटाला किया। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी “बेल” (जमानत) पर हैं। संजय सिंह, लालू यादव, तेजस्वी यादव भी जमानत पर है। वहीं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जेल में हैं।
श्री नड्डा ने जानना चाहा कि क्या जनता ऐसे लोगों को फिर से सत्ता में आने देना चाहती है। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस के लोग अब नया काम कर रहे हैं। ओबीसी, दलितों और आदिवासियों के आरक्षण में कटौती कर धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन हम भाजपा की तरफ से विश्वास दिलाते हैं कि वे किसी भी हालत में ऐसा नहीं होने देंगे।
श्री नड्डा ने प्रधानमंत्री के रूप में श्री मोदी को बरकरार रखना जरूरी बताया और कहा कि दस सालों में देश की तस्वीर बदल गयी है। अब सरहद में मौजूद जवान को शत्रु का उसकी भाषा में ही जवाब देने के लिए दिल्ली के आदेश का इंतजार नहीं करना पड़ता है। दुश्मन देश के घर में सर्जिकल स्ट्राइक की गयी है। अब हम दुश्मन को उसके घर में घुसकर मार सकते हैं।
श्री नड्डा ने केंद्र सरकार की ओर से मध्यप्रदेश के हित में किए गए कार्यों को गिनाया और कहा कि ऐसा करने से राज्य का विकास तेजी से होगा। राज्य में 14 नए मेडिकल कॉलेज दिए गए आदिवासियों के हित में कार्य किए गए। लाड़ली बहना योजना के जरिए महिलाओं का सशक्तिकरण किया जा रहा है। बुंदेलखंड अंचल का विकास भी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *