आगरा: विमानन कंपनी इंडिगो ने आगरा और मुंबई के बीच उड़ान की संख्या को बढ़ाते हुए सप्ताह में तीन दिन कर दिया है। इंडिगो आगरा से अहमदाबाद के लिये भी उड़ान भी अगले माह से शुरू करने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस के वरिष्ठ अधिकारी विकास डेल्टा ने बताया कि मुंबई-आगरा फ्लाइट अब तक मंगलवार और गुरुवार को संचालित हो रही थी। अब ये रविवार को भी उपलब्ध रहेगी। ये फ्लाइट प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। मुंबई से यह फ्लाइट दोपहर ढाई बजे यहां खेरिया हवाई अड्डे पर आएगी। आधा घंटे बाद यानि दोपहर तीन बजे यहां से मुंबई के लिए उड़ान भरेगी।
अपनी पूरी क्षमता के साथ चलने वाली यह फ्लाइट नौ महीने में तीन बार बंद हो चुकी थी।
आगरा आने और यहां से जाने वाले यात्रियों की संख्या 150 से अधिक ही रहती थी। इसके बावजूद इसे बंद किया गया। अब इंडिगो एयरलाइंस ने विगत पांच मई से दुबारा से शुरू किया है। इसके अलावा लंबे समय से स्थगित चल रही अहमदाबाद-आगरा फ्लाइट भी दो जून से शुरू होने जा रही है। इसके लिए इंडिगो एयरलाइंस ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है। बता दें कि वर्तमान में आगरा से बेंगलुरु, भोपाल और लखनऊ के लिए भी सीधी हवाई सेवा उपलब्ध है।
