हैदराबाद/नई दिल्ली : तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने राज्य के सड़क एवं भवन मंत्री वेमुला प्रशांत रेड्डी के साथ मंगलवार को दिल्ली के वसंत विहार में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के स्थायी परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। पार्टी सूत्रों ने आज यहां बताया कि केसीआर ने स्थायी भवन के चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। बाद में, मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल मार्ग स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आज और कल आयोजित होने वाले ‘राजश्यामला यज्ञ’ के बारे में भी जानकारी ली। करीब 12 ऋत्विक पवित्र यज्ञ में भाग ले रहे हैं। नवा चंडी होमम और पूर्णाहुति बुधवार को होगी। मुख्यमंत्री कल बीआरएस केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। सूत्रोें ने बताया कि इस समारोह में कल राष्ट्रीय नेता भी शामिल हो सकते हैं।
