गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इंस्पेक्टर एक लाख रू रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

चंडीगढ़ : पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने मंगलवार को पुलिस इंस्पेक्टर गुरिंदर सिंह, इंचार्ज एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ए.एन.टी.एफ.) जिला पटियाला को एक लाख रु की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने यहां बताया कि उक्त पुलिस कर्मी को पूजा, निवासी गांव रोहटी पुल, तहसील नाभा, जिला पटियाला द्वारा दर्ज की गयी शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने सतर्कता ब्यूरो से संपर्क कर आरोप लगाया कि उक्त इंस्पेक्टर उसके पिता को तीन लाख रुपये की रिश्वत न देने की सूरत में झूठे मादक पदार्थ अधिनियम के मामले में फंसाने की धमकियां दे रहा है, लेकिन सौदा 1.50 लाख रुपये में तय हुआ। उक्त पुलिस कर्मी ने रविवार को 50 हजार रुपये रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ले लिये थे।
ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर उक्त पुलिस कर्मी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू कर लिया।
आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना पटियाला रेंज में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कल अदालत में पेश किया जायेगा और इस मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *