नई दिल्ली : मीडिया प्रोडक्शन कंपनी इंस्पायर फिल्म्स लिमिटेड का पूंजी बाजार से पूंजी जुटाने के उद्देश्य से लाये जा रहे प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 25 सितंबर को खुलेगा। कंपनी के प्रवर्तक यश पटनायक ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुये कहा कि 10 रुपये अंकित मूल्य के आईपीओ का मूल्य 59 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी 35,98,000 शेयरों का आईपीओ ला रही है, जिससे कुल 21.22 करोड़ रुपये जुटाए जाएँगे। न्यूनतम 2,000 शेयर के लिए बोली लगानी होगी। यह आईपीओ 27 सितंबर को बंद होगा।
उन्होंने कहा कि शेयरों के आवंटन में एंकर निवेशकों के लिए 10,24,000 शेयर, योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए 6,82,000 शेयर, हाई नेट वर्थ इंडिविजुअल्स (एचएनआई) के लिए 5,14,000 शेयर, खुदरा निवेशकों के लिए 11,98,000 शेयर और मार्केट मेकर्स के लिए 1,80,000 शेयर शामिल हैं।
एंकर अलॉटमेंट की तारीख 22 सितंबर तय की गई है। आईपीओ के बाद कंपनी के शेयर 9 अक्टूबर को एनएसई के इमर्ज प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध होंगे। नारनोलिया फाइनेंशियल सर्विसेज़ लिमिटेड इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर है और माशितला सिक्योरिटीज़ प्राइवेट लिमिटेड इश्यू के रजिस्ट्रार है।
