गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बोर्डों, निगमों के कर्मचारियों को वेतन और पेंशन जारी करने के निर्देश जारी

शिमला : सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को बोर्डों और निगमों के कर्मचारियों को वेतन और पेंशन जारी करने के निर्देश जारी किये हैं।
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां मुख्यमंत्री राहत कोष के लिये दो करोड़ रु का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बोर्ड कर्मचारियों की सराहना करते हुये कहा कि यह अंशदान सामाजिक कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और यह धनराशि आवश्यकता के समय जरूरतमंदों की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
श्री सुक्खू कहा कि आगामी त्योहारी सीजन से पहले इस महीने की 28 तारीख को सभी बोर्डों और निगमों के कर्मचारियों को वेतन और पेंशन जारी करने के निर्देश जारी किये गये हैं। इस निर्णय से बोर्डों और निगमों के लगभग 50 हजार कर्मचारी और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहली जनवरी, 2023 से सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए अतिरिक्त चार प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने का भी निर्णय लिया है। इस वृद्धि का हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कर्मचारियों को भी लाभ मिलेगा। इसके अलावा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग के तहत लंबित बकाया राशि भी जारी की जायेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिये प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है और पिछले 20 महीनों में इस दिशा में कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं। सरकार ने कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के उपरांत सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने तथा सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिये पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही यह निर्णय लिया गया, जो राज्य सरकार के मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता देने तथा उन्हें पर्याप्त सहायता सुनिश्चित करने के लिये प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply