रूद्रपुर/नैनीताल : विमानों के उड़ान में अवरोधक बन रहे उत्तराखंड के पंतनगर एयरपोर्ट के रन-वे से सटी अवैध बस्ती और ऊंचे भवनों को हटाने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय बुधवार को आयोजित पंतनगर एयरपोर्ट की एरोड्रम कमेटी की बैठक में लिया गया है। इसके लिये एयरपोर्ट अथारिटी, पंतनगर विश्वविद्यालय, राजस्व विभाग के साथ ही पुलिस महकमे की एक संयुक्त कमेटी बनायी गयी है। कमेटी जल्द ही ऐसे भवनों का चिन्हीकरण करेगी।
एयरोड्रम कमेटी के अध्यक्ष और जिलाधिकारी उदयराज सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में एयरपोर्ट की निदेशक मोनिका डेम्बला ने कहा कि एयरपोर्ट के रन-वे की सुरक्षा दीवार के दोनों ओर अवैध बस्ती और ऊंचे ऊंचे भवन विमानों की उड़ान एवं सुरक्षा में अवरोध पैदा कर रहे हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि सुरक्षा दीवार से सटे पेड़ भी सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक हैं। इन पेड़ों के माध्यम से अवांछित तत्व एयरपोर्ट की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न कर सकते हैं। निदेशक की ओर से आगे कहा गया कि एयरपोर्ट के आसपास जगंली जानवरों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। खासकर उत्तरी और पश्चिमी दिशा में नीलगाय, तेंदुआ, बाघ, गीदड़ जैसे जानवरों से विमानों के साथ ही कार्मिकों की सुरक्षा को अत्यधिक खतरा उत्पन्न हो गया है।
कमेटी के अध्यक्ष की ओर से प्रभागीय वनाधिकारी को सुरक्षा में बाधक बन रहे पेड़ों और वन्य जीवों से सुरक्षा के मामले में आवश्यक निर्देश दिये गये। यही नहीं बैठक में सुरक्षा कार्मिकों की संख्या बढ़ाने, पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराने, यात्री वाहनों को एयरपोर्ट की पार्किंग तक जाने की अनुमति देने जैसे मसलों पर चर्चा की गयी और उन्हें गंभीरता से निस्तारित करने पर विचार किया गया।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, गौरव पांडे, सहायक प्रबंधक एयरपोर्ट तुलसी गर्ब्याल के अलावा पुलिस उपाधीक्षक पंतनगर ओम प्रकाश मौजूद रहे।
पंतनगर एयरपोर्ट से सटी अवैध बस्ती व भवनों को हटाने के निर्देश
