नई दिल्ली : इंश्योरटेक कंपनी इंश्योरेंसदेखो ने सीरीज बी फंडिंग राउंड में 492 करोड़ रुपये अर्थात 6 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटाई है। कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि यह उसके लिए एक बड़ी उपलब्धि है। जुटाई गई पूंजी में इक्विटी और ऋण दोनों ही विकल्प शामिल हैं और कंपनी मौजूदा निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के साथ ही इस दौर में नए प्रमुख निवेशकों को अपने साथ जोड़ने में कामयाब रही है। 2023 में गुरुग्राम में शुरू हुए इस स्टार्टअप के लिए यह दूसरा फंडिंग राउंड है। इसके साथ ही कंपनी अब तक कुल 20 करोड़ डॉलर से अधिक की पूंजी जुटा चुकी है।
जापानी दिग्गज मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप, इंक. (एमयूएफजी), यूरोपीय निवेश प्रमुख यूराजियो प्रबंधित अपने इंश्योरटेक फंड के माध्यम से बीएनपी परिबास कार्डिफ, भारत-केंद्रित बीम्स फिनटेक फंड और योगेश महनसरिया फैमिली ऑफिस नए निवेशकों के रूप में इसमें शामिल हुए हैं। इंश्योरेंसदेखो के मौजूदा निवेशकों टीवीएस कैपिटल, गोल्डमैन सैक्स एसेट मैनेजमेंट और अवतार वेंचर्स ने भी निवेश करते हुए कंपनी ने अपने भरोसे का प्रदर्शन किया है। फरवरी में, इंश्योरेंसदेखो ने सीरीज ए फंडिंग में 15 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटाई थी, जो दक्षिण एशिया में किसी इंश्योरटेक द्वारा जुटाई गई सबसे बड़ी रकम थी।
इस फंडिंग राउंड से जुटाई गई पूंजी का इस्तेमाल अपनी मार्केटिंग गतिविधियों को बढ़ाने, भारत के भीतरी इलाकों में अपनी वितरण उपस्थिति को और विस्तारित करने, अपने तकनीकी प्लेटफॉर्म को बढ़ाने, इन-ऑर्गेनिक विकास के अवसरों का पता लगाने के साथ रिइंश्योरेंस जैसी नई पहल को आगे बढ़ाने में किया जाएगा, ताकि भारत में बीमा क्षेत्र का लोकतांत्रिकरण और उसमें क्रांतिकारी बदलाव लाया जा सके।
इंश्योरेंसदेखो ने जुटाये 492 करोड़
