कुशीनगर : उत्तर प्रदेश में कुशीनगर पुलिस ने देश विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को ठगने वाले गिरोह का मंगलवार को पर्दाफाश करते हुये सात लाख रुपये और अन्य फर्जी दस्तावेज बरामद किये। इस सिलसिले में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने पत्रकारों को बताया कि कसया क्षेत्र की पुलिस ने स्वाट व साईबर सेल की मदद से भोले-भाले लोगो को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़े करने वाले मुकेश रावत उर्फ रंजन कुमार सिंह निवासी त्रिलोकपुर थाना उचका गांव जिला गोपालगंज बिहार ,प्रिन्स कुमार उर्फ सुल्तान दुर्रानी निवासी अन्ना चौराहा थाना चकेरी जनपद कानपुर नगर ,संतोष तिवारी ण्निवासी अभिनायकपुर थाना कसया जनपद कुशीनगर तथा संजीत गुप्ता निवासी पाण्डेय बरदहा थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तो के पास से सात लाख दो हजार रूपये नगद , तीन लैपटाप,13 मोबाईल फोन, 22 बन्धक पासपोर्ट, 40 कुटरचित मुहरे , 25 आधार कार्ड, 39 फर्जी सिम कार्ड, 68 एग्रीमेन्ट लेटर समेत अन्य सामान बरामद किया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे लोग ट्रैवेल्स एजेन्सी की आड में भोले-भाले लोगो को विदेश भेजने के नाम पर ठगते थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
अन्तर्राज्यीय ठग गैंग का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
