नैनीताल : उत्तराखंड की काशीपुर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से चोरी गयी 14 मोटर साइकिल भी बरामद की गयी हैं। पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से काशीपुर क्षेत्र से कुछ मोटर साइकिल चोरी होने की लगातार शिकायत मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने चोरों की तलाश के लिये एक टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने शहर और घटना के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की पडताल की तो उसे कुछ तथ्य हाथ लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने मानव विहार में चोरों के अड्डे पर छापा मार कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से झाड़ियों में छिपायी हुई 14 मोटर साइकिल भी बरामद कर ली। आरोपियों में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी मकान नंबर 124 पटाखा गोदाम के पीछे मानपुर रोड काशीपुर और जुनैद अंसारी निवासी मो0 काजीबाग थाना काशीपुर, ऊधमसिंह नगर शामिल हैं।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्होंने बरामद मोटर साइकिल काशीपुर, आईटीआई, रामनगर तथा गाजियाबाद से साप्ताहिक बाजारों से चुरायी हैं। आरोपी पहले रेकी करते थे और उसके बाद मोटर साइकिल पर हाथ साफ कर लेते थे। साथ ही नंबर प्लेट बदलकर मोटर साइकिल को बेच देते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि आरोपी बरामद मोटर साइकिलों को बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में है। आरोपियों के खिलाफ कुंडा और काशीपुर में एक एक मुकदमा पहले से दर्ज हैं।
अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़
