गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

6 जनवरी को होगा निवेश एवं निर्यातक शिखर सम्मेलन

बहराइच : पूर्वी उत्तर प्रदेश के बहराइच में छह जनवरी को बाराबंकी माडल की तर्ज पर एक दिवसीय निवेशक एवं निर्यातक शिखर सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि चहलारी घाट रोड स्थित लेजर रिजार्ट में सम्मेलन का आयोजन जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र की ओर से इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन चैप्टर एवं उद्योग व्यापार मंडल के संयुक्त प्रयास से किया जायेगा। उन्होने बताया कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग (एमएसएमई) की ओर से बहराइच को एक हजार करोड़ निवेश का लक्ष्य दिया गया है। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद कैसरगंज, सांसद बहराइच एवं विधायक मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में हुए एक दिवसीय निवेशक एवं निर्यातक शिखर सम्मेलन की सफलता की सराहना की थी और इसी तरह प्रदेश के हर जिले में आयोजन के लिए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि सम्मेलन को पांच सेशन में बांटा गया है। सम्मेलन की शुरुआत निवेशकों और उद्यमियों के रजिस्ट्रेशन से होगी। इसके बाद मुख्य अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर सेशन की शुरुआत की जाएगी।

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त वीरेंद्र कुमार ने बताया कि पांचाें सेशन के विभिन्न चरणों में एमएसएमई पॉलिसी-22, औद्योगिक पार्क की स्थापना, निवेश सारथी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, हथकरघा एवं टेक्सटाइल पॉलिसी-22 के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। इन बिंदुओं पर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन चैप्टर एवं उद्योग व्यापार मंडल की ओर से चर्चा की जाएगी। इसके बाद उद्यमी अपने सवाल अधिकारियों और एक्सपर्ट से पूछ सकेंगे।

इसके साथ ही खाद्य प्रसंस्करण नीति-22, एफपीओ, कृषकों एवं कृषि आधारित औद्योगिक इकाइयों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए निवेश प्रोत्साहन पर चर्चा होगी। सम्मेलन में सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह, सांसद बहराइच अक्ष्यवर लाल गोंड, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक सदर बहराइच अनुपमा जायसवाल, विधायक बलहा सरोज सोनकर, एमएलसी बहराइच डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह मौजूद रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *