गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राजस्थान में 52 हजार 569 दुपहिया वाहनों का चालान

जयपुर : राजस्थान में बढ़ती हुई सड़क दुर्घटनाओं में दुपहिया वाहन चालकों एवं सवारी की होने वाली मृत्यु में कमी लाने के लिए शनिवार को बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के विरूद्ध संचालित एक दिवसीय सघन अभियान के तहत 52 हजार 569 दुपहिया वाहन चालकों का चालान किया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) वी के सिंह ने स्वयं शहर के रामबाग और जेडीए सर्किल सहित अन्य स्थानों पर जाकर सघन अभियान का जायजा लिया। सिंह ने बताया कि इस अभियान में जयपुर कमिश्नरेट में छह हजार सहित कुल 52 हजार 569 दुपहिया वाहन चालकों के चालान किये गये। अजमेर रेंज में 4492, कोटा में 4299, उदयपुर में 7069, जोधपुर में 7222, जयपुर रेंज में 9285, भरतपुर रेंज में 6970, आयुक्तालय जयपुर में 3640 व जयपुर ट्रैफिक में 2359, जोधपुर ट्रैफिक में 1187 और बीकानेर रेंज में 6106 चालान किए गए हैं।
उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद यातायात पुलिस कर्मियों द्वारा प्रदेश भर में किए गए अच्छे कार्यों की सराहना की एवं भविष्य में भी इसी प्रकार लगन और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से मई माह में बढ़ने वाली सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु में कमी लाने के लिए शनिवार को यह सघन अभियान संभालित किया गया। इस अभियान के तहत बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्यवाही के साथ ही जागरूकता के भी प्रयास किये गए। सिंह ने प्रदेश के सभी दुपहिया वाहन चालकों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए स्वयं की सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से उपयुक्त गुणवत्ता का हेलमेट पहनने का आग्रह किया उन्होंने सभी अभिभावकों से भी अपने बच्चों को दुपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनाने का भी आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *