नई दिल्ली : बायोटेक कंपनी कॉनकार्ड बायोटेक लिमिटेड का पूंजी बाजार से 1551 करोड़ रुपये जुटाने के उद्देश्य से लाये जा रहे प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 4 अगस्त को खुलेगा। कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सुधीर वैद्य ने आज वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा करते हुये कहा कि आठ अगस्त को बंद होने वाले इस आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 705 रुपये से लेकर 741 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। उन्होंने कहा कि इस आईपीओ के लिए न्यूनतम 20 शेयरों के लिए बोली लगानी पड़ेगी और आगे फिर इसी के गुणांक में शेयर का आवंटन होगा। कंपनी एक रुपये अंकित मूल्य के दो करोड़ नौ लाख 20 हजार शेयर जारी करेगी।
उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी अभी दुनिया के 70 देशों में बायो फार्मास्यूटिकल एपीआई की आपूर्ति कर रही है जिसमें अमेरिका, यूरोप, जापान जैसे देश भी शामिल है। कंपनी अब अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए पूंजी जुटाने जा रही है। कंपनी के पोर्टफोलियो में अभी 23 एपीआई है। विभिन्न देशों में 128 ड्रग मास्टर फाइल्स को मंजूरी के लिए आवेदन किया जा चुका है।
इस आईपीओ के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड, सीटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और जेफरीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड लीड मैंनेजर है और लिंक इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड रजिस्ट्रार है। कंपनी के शेयर को बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध कराने की तैयारी है।
आईपीओ 4 अगस्त को खुलेगा
