गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जिला अस्पताल में अनियमितता, मजिस्ट्रेट की तैनाती

महोबा : उत्तर प्रदेश में महोबा के जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतों पर चिकित्सकों की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। अपर जिलाधिकारी रामप्रकाश ने बताया कि जिला अस्पताल में ओपीडी के समय चिकित्सकों के कक्ष पर न बैठने, प्राइवेट प्रेक्टिस करने, कमीशन के चक्कर मे अस्पताल से बाहर की दवाइयां लिखे जाने सम्बन्धी बड़ी संख्या में मिल रही गम्भीर शिकायतों पर अनेक बार औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें शिकायतें काफी हद तक सही पाई गई। गुरुवार को भी इसी प्रकार निरीक्षण के समय जिला अस्पताल में विभिन्न चिकित्सकों के कक्ष में तो ताला बंद पाया गया जबकि पूरे अस्पताल परिसर में भारी संख्या में मरीज और उनके तीमारदार डाक्टरो के लिए परेशान भटकते हुए देखे गए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अत्यंत चिंताजनक हालात वाले महोबा जिला अस्पताल के इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी मनोज कुमार को सौंपी गई। जिस पर जिलाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई अमल में लाते हुए जिला अस्पताल के चिकित्सकों के कार्य और व्यवहार की निगरानी के लिए नायब तहसील दार मजिस्ट्रेट राजकुमार को तैनात किया है। नायब तहसीलदार राजकुमार अब ओपीडी के समय हर रोज जिला अस्पताल में मौजूद रहेंगे और डॉक्टरों के कामकाज की निगरानी रखते हुए अपनी रिपोर्ट देंगे। महोबा में जिलाधिकारी के अपनी तरह के अनोखे इस निर्णय से यहां चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *