गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इजरायली हमले से सीरिया में पांच लोगों की मौत

दमिश्क। सीरिया ने कहा है कि रविवार को इजरायल ने मिसाइल हमला किया जिससे राजधानी दमिश्क और उसके आसपास के इलाकों में पांच लोगों की मौत हो गई। सैन्य अधिकारियों ने कहा कि मध्य काफर सूसा इलाके में एक इमारत को निशाना बनाया गया जिसमें चार नागरिकों और एक सैनिक की मौत हो गई। मीडिया की ओर से हालांकि संपर्क किए जाने पर इजरायली सेना ने इस हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की। इजरायल द्वारा प्राय: ईरान और हिजबुल्ला आतंकवादियों से जुड़े हुए सीरियाई ठिकानों पर हमला किया जाता है, लेकिन शायद ही वह कभी इसे स्वीकारता है। हालांकि, आवासीय क्षेत्रों पर शायद ही कभी हमले होते हैं। सीरिया के उत्तर-पश्चिम में और पड़ोसी देश तुर्की में 12 दिन पहले आए विनाशकारी भूकंप के बाद इजराइल द्वारा किया गया यह पहला हमला है।काफर सूसा इलाका वरिष्ठ अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ठिकान है लेकिन यहां के आवासीय भवनों में नागरिक भी रहते हैं। सीरियाई अधिकारियों के अनुसार, यह हमला स्थानीय समयानुसार सुबह 00 बजकर 22 मिनट पर हुआ और इस हमले में दमिश्क और आसपास के अन्य इलाकों में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। देश के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मिसाइल को दमिश्क के दक्षिण-पश्चिम में एक चट्टानी पठार गोलान हाइट्स से छोड़ा गया, जिसपर इजरायल ने 1981 में कब्जा कर लिया था। लंदन स्थित सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के अनुसार, मृतकों की संख्या 15 है, जिसमें आम नागरिक भी शामिल हैं। सीरियाई सेना के अनुसार, इजरायल द्वारा दमिश्क के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किए गए हमले के एक महीने बाद यह हमला किया गया है, जिसमें दो सैनिकों सहित चार लोग मारे गए थे। इजरायल पहले स्वीकार कर चुका है कि वह ईरान के प्रति वफादार आतंकवादी समूहों को निशाना बनाता है। दोनों देश एक दुसरे के कट्टर दुश्मन हैं और हाल के वर्षों में एक-दूसरे की संपत्तियों, अवसंरचनाओं और नागरिकों पर बिना दावा किए हमला करते हैं जिसे शैडो वॉर भी कहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *