गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जगन ने इंफोसिस केंद्र का किया उद्घाटन

विशाखापत्तनम : वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने सोमवार को यहां 35 करोड़ रुपये की लागत वाले इंफोसिस डेवलपमेंट केंद्र का उद्घाटन किया। मधुरवाड़ा में आईटी हिल नंबर-2 में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ निर्मित सूचना प्रौद्योगिकी की इकाई में शुरुआत में 1,000 कर्मचारी होंगे। इस अवसर पर इंफोसिस के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सुविधाओं से युक्त शहर विशाखापत्तनम में बहुत जल्द हैदराबाद और बेंगलुरु जैसा शहर बनने की क्षमता है।
उन्होंने कहा,“दुर्भाग्य से विभाजन के कारण हमने हैदराबाद को खो दिया, फिर भी विशाखापत्तनम राज्य का सबसे बड़ा शहर है और इसमें टियर-1 शहर बनने की उच्च क्षमता है। यह एक शिक्षा का केंद्र है जिसमें आठ विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, चार मेडिकल कॉलेज, 14 इंजीनियरिंग कॉलेज और 12 डिग्री कॉलेजों सहित कई सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और पूर्वी नौसेना कमान शामिल हैं।” उन्होंने कहा कि इसमें मजबूत बंदरगाह आधारित अवसंरचना भी है।”
उन्होंने आगे कहा कि भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी अगले दो वर्षों में तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि टीसीएस और इन्फोसिस जैसी कंपनियां आईटी का स्वरुप बदल सकती हैं और अडाणी डाटा सेंटर और सिंगापुर से सबमरीन केबल कंपनी जैसी और कंपनियां जल्द ही शहर में आएंगी। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि इन्फोसिस विकास के रास्ते में चमत्कार दिखाएगी और अन्य आईटी कंपनियों के यहां पहुंचने का नेतृत्व करेगी। उन्होंने कंपनी को सरकार की ओर से समर्थन प्रदान करने का आश्वासन देते हुए कहा कि अगर उन्हें किसी भी समर्थन की आवश्यकता होगी तो वह हमेशा उपलब्ध रहेगी।
मुख्यमंत्री ने अनाकापल्ली जिले के परवाड़ा में जवाहरलाल नेहरू फार्मा सिटी में यूगिया स्टेरिल्स की इकाई और अच्युतापुरम में विशेष आर्थिक क्षेत्र में लॉरस लैब्स की दूसरी इकाई का भी उद्घाटन किया। उन्होंने लॉरस लैब्स की एक नई इकाई की आधारशिला रखी और ग्रेटर विशाखानगर निगम द्वारा खरीदी गई समुद्र तट सफाई मशीनों को हरी झंडी दिखाई। मशीनों को विशाखापत्तनम, भीमुनिपट्टनम और आसपास के अन्य समुद्र तटों पर संचालित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *