जम्मू : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर अनुच्छेद 35-ए और 370 अनुच्छेदों को निरस्त करने के बाद विकास और प्रगति की नयी राह पर चला है। धनखड़ ने जम्मू विश्वविद्यालय के विशेष दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मुख्यधारा में क्षेत्र के एकीकरण ने निवेश, विकास और बेहतर प्रशासन का मार्ग प्रशस्त किया है।उपराष्ट्रपति ने कहा कि संविधान के निर्माता डॉ. बी आर अंबेडकर ने अनुच्छेद 370 का मसौदा तैयार करने से इनकार कर दिया था।
उन्होंने कहा, “व्यक्तिगत रूप से मैं बीस वर्षों से अनुच्छेद 35ए और 370 को निरस्त करने की वकालत कर रहा था। हमें खुशी है कि अब ऐसा नहीं है।” उन्होंने कहा कि पहले के विपरीत, इस क्षेत्र में अब सौहार्दपूर्ण वातावरण व्याप्त है और यह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और मिशन के लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है, जिन्होंने एक मजबूत और एकजुट भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन लगा दिया।
उन्होंने श्रीनगर जेल में डॉ. मुखर्जी की मृत्यु को एक महत्वपूर्ण त्रासदी बताते हुए कहा कि देर से ही सही, हमने उनके सपने को साकार कर लिया है और भारतीयों को अब अपने देश के इस हिस्से में किसी भी प्रतिबंध का सामना नहीं करना पड़ता है। अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद से हुए परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि 890 केंद्रीय कानून लागू किए गए हैं, 200 से अधिक राज्य कानून निरस्त किए गए हैं और जम्मू-कश्मीर के लोगों के लाभ के लिए सैकड़ों कानूनों को संशोधित किया गया है।
उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी में सुधार की भी प्रशंसा की। उन्होंने भारत को लोकतंत्र की जननी और दुनिया का सबसे कार्यात्मक लोकतंत्र बताया और कहा कि प्रत्येक भारतीय से इस उपलब्धियों पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने रेखांकित किया, “दुनिया के हर हिस्से में, आप भारतीय प्रतिभाओं को कॉर्पोरेट और संस्थानों का नेतृत्व करते हुए पाएंगे, जिस पर भारत को गर्व होगा और अन्य देश हमारी प्रतिभा का सम्मान करेंगे।”
उन्होंने कहा, “यह विडंबना है कि इस देश को नीचा दिखाने के लिए सुनियोजित तरीके से झूठी कहानियां फैलाई जा रही हैं। हममें से कुछ लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते।”उन्होंने इस बात पर ज़ोर देते हुए कहा, “अगर मूक बहुमत चुप रहने का फैसला करता है तो यह हमेशा के लिए चुप्पी बन जाएगी।” उपराष्ट्रपति ने सभी से अपील की कि वे देश के विकास गाथा को कम करने के खतरनाक मंसूबों को हल्के में न लें।
इस बात पर जोर देते हुए कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है और कानून के लंबे हाथ हर किसी तक पहुंचेंगे, श्री धनखड़ ने खुशी जताई कि भ्रष्टाचारियों के बचने के सभी रास्ते बंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस है। संदेश अब सख्त और स्पष्ट है, आप किसी भी पहचान या किसी भी वंश के हो सकते हैं, आप कानून के प्रति जवाबदेह हैं।”
उन्हाेंने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी के जीवन में महत्वपूर्ण महत्व रखता है, उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे कभी भी तनाव न रहें और विफलता से कभी न डरें। उन्होंने केंद्रशासित प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की भी प्रशंसा की।
जम्मू-कश्मीर विकास की नई राह पर
