रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा में आज लोकायुक्त पुलिस ने जनपद पंचायत रीवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) और एक लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस सूत्रों के अनुसार जनपद पंचायत रीवा की सीईओ विजयलक्ष्मी मरावी को पांच हजार रुपए और वहीं पदस्थ एक लिपिक महेंद्र वर्मा को एक हजार पांच सौ रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया। यह कार्रवाई जनपद पंचायत रीवा के एक कर्मचारी संदीप पांडे की शिकायत पर की गयी है। दरअसल संदीप पांडे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और वह मेडिकल अवकाश पर रहे। इसके बाद उन्होंने आफिस ज्याइन किया, लेकिन पिछले दो महीने का उनका वेतन नहीं मिल पाया था। संदीप अपने दो महीने के वेतन के लिए जनपद पंचायत के सीईओ से मिले, तो वह टालमटोल कर रहीं थीं, बाद में उन्होंने रिश्वत की मांग की, जिसकी शिकायत संदीप द्वारा लोकायुक्त पुलिस से की गयी। शिकायत की जांच के बाद आज यह कार्रवाई की गयी। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी अधिकारी और लिपिक के खिलाफ भ्रष्ट्राचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
