गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जेडीएस विधायक श्रीनिवास ने इस्तीफा दिया

चुनाव से पहले कांग्रेस में होंगे शामिल

बेंगलुरू : कर्नाटक के जनता दल-सेकुलर (जेडीएस) विधायक एसआर श्रीनिवास ने सोमवार को विधायक पद से अपना इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी को सौंप दिया और चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा “ मैंने आज विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात की और उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफा स्वीकार होने के बाद मैं औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल होने के लिए कांग्रेसी नेताओं से बातचीत करूंगा। मेरी 31 मार्च को कांग्रेस में शामिल होने की योजना है।”
श्रीनिवास को जून 2022 के राज्यसभा चुनावों में क्रॉस वोटिंग करने के लिए जेडीएस से निष्कासित कर दिया गया था क्योंकि उनके तथाकथित क्रॉस वोटिंग के कारण जेडीएस उम्मीदवार डी कुपेंद्र रेड्डी की हार हुई थी। श्रीनिवास ने कहा कि जेडीएस नेतृत्व ने झूठे आरोपों के आधार पर उन्हें निष्कासित किया इसलिए उन्हें ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा “देवगौड़ा ने मेरे साथ बेटे जैसा व्यवहार किया और कुमारस्वामी ने मुझे अपना छोटा भाई माना लेकिन फिर भी उन्होंने मुझे पार्टी से निकाल दिया। अक्टूबर, 2021 में कुमारस्वामी ने मेरी सीट से जेडीएस उम्मीदवार की घोषणा की जबकि मैं अभी तक पार्टी में था उस दिन से हमारे बीच की दूरियां बढ़ने लगी। कुमारस्वामी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में श्री देवगौड़ा की हार के लिए भी मुझे ही जिम्मेदार ठहराया जबकि मैं कभी भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नहीं रहा और ईमानदारी से पार्टी की सेवा की।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *