मंडला : मध्यप्रदेश के मंडला जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र के नारायणगंज के पास आज एक जीप और ट्रक की भिडंत में जीप चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर नारायणगंज से कुछ दूर स्थित मंदिर के पास एक जीप विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में जबलपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निवासी जीप चालक भगवान दास श्रीवास्तव (50) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और जीप में सवार टिकरिया क्षेत्र के निवासी दशरथ सिंह (55) की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
