गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नशीले पदार्थों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए झांसी जिला प्रशासन हुआ सख्त

झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी जिला प्रशासन ने शासन के निर्देशानुसार नशीले और प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए रविवार को जरूरी दिशा निर्देश जारी किये। जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने संयुक्त रूप से नारको- कोऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक की जिसमें जिलाधिकारी ने कहा कि शासनादेश के अनुसार जनपद में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री किसी भी हालत में नहीं हो इसे सख्ती से रोका जाना सुनिश्चित करें।

इसके अतिरिक्त मादक पदार्थों के विक्रय और तस्करी पर चेतावनी देते हुए जीएसटी विभाग के अधिकारियों से कहा कि बड़े वाहनों की गंभीरता के साथ जांच करते हुए स्रोत की जानकारी ली जाए ताकि अन्य प्रदेशों से परिवहन कर लाए जाने वाले मादक पदार्थों को जनपद में आने से रोका जा सके और कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध एक अभियान चलाया जाए जिसके अंतर्गत स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हुए नशीले एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव की जानकारी दी जाए। नशा मुक्ति के संबंध में धर्माचार्य के माध्यम से लोगों को जागरुक किया जाए एवं नशा मुक्त हो चुके लोगों का ऑडियो वीडियो आमजन को सुनाया तथा दिखाया जाए ताकि युवाओं को इनका इस्तेमाल करने से रोका जा सके। स्कूल कॉलेज के आसपास इस तरह की दुकानों को जहां नशीले पदार्थ एवं प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री संभव है को हटाए जाने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पुलिस, सीबीएन और आबकारी विभाग को जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने क्षेत्र में अफीम/भांग की अवैध खेती किए जाने वाले क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर निगरानी करने के निर्देश दिये ताकि क्षेत्र में अफीम भांग की फसल की अवैध खेती ना होने पाए।
उन्होंने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि लोग अफीम व भांग की अवैध खेती ना करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने आबकारी विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसे स्थान जहां अवैध ढंग से शराब का निर्माण किया जाता है, वहां पुलिस बल के साथ कठोरतम कार्रवाई करना सुनिश्चित करें ताकि क्षेत्र में पुनः अवैध शराब के निर्माण को रोका जा सके।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी प्रमोद कुमार गोयल ने बताया कि जनपद में लगातार आबकारी विभाग पुलिस एवं जिला प्रशासन ऐसे स्थान जहां अवैध शराब निर्माण की संभावना रहती है वहां छापामार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया की छापामार कार्रवाई के दौरान जहां एक और अवैध शराब को नष्ट किया जाता है वही अभियोग पंजीकृत करते हुए आरोपी को जेल भेजे जाने की भी कार्रवाई लगातार की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *