श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेकेडीएमए) ने गुरुवार को यहां के आठ जिलों के ऊंचे इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान हिमस्खलन की चेतावनी जारी की। कश्मीर घाटी के बांदीपोरा, बारामूला, गांदरबल और कुपवाड़ा जिलों के ऊंचे इलाकों में अगले 24 घंटों में हिमस्खलन के आसार हैं। जम्मू के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और रामबन जिलों में भी अगले 24 घंटों के दौरान हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। यहां के निवासियों को सावधानी बरतने और अगले आदेश तक हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। पिछले दिनों, इन जिलों के ऊपरी इलाकों में हिमपात हुआ है। अधिकारियों ने इन जिलों के निवासियों के लिये किसी भी आपात स्थिति के मद्देनजर मदद के लिए 112 नंबर जारी किया है।
