गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में जेओए की परीक्षा रद्द

शिमला : हिमाचल प्रदेश में रविवार को आयोजित होने वाली जूनियर ऑफिस अस्सिटेंट इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी (जेओए आईटी) पोस्ट कोड 965 का पेपर लीक हो गया है। प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने परीक्षा रद्द कर दी है। आयोग ने हांलाकि शुक्रवार सुबह ही टीमों को डिस्पैच करना शुरू कर दिया था। केवल हमीरपुर जिला को छोड़कर अन्य जिलों की टीमें रवाना कर दी गई थी। देर शाम विजिलेंस से स्थिति स्पष्ट हो जाने के बाद आयोग ने रविवार को होने वाली परीक्षा को रद्द कर दिया है। एक विज्ञप्ति में आयोग ने इस बात की शुक्रवार देर शाम पुष्टि की है।
गौरतलब है कि परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए दूरदराज क्षेत्रों से अभ्यर्थियों को एक दिन पहले ही घर से निकलना पड़ता है। इस परीक्षा में आयोग द्वारा परीक्षा केंद्र को बदलने की भी अनुमति नहीं दी जाती। आयोग के सचिव डॉ जितेंद्र कंवर ने बताया कि पुलिस के सतर्कता ब्यूरो से एक कर्मचारी की संदिग्ध संलिप्तता की सूचना के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।
विजिलेंस ने पेपर खरीदने वाले दो अभ्यर्थियों को भी हिरासत में लिया है। ये भी तय है कि महिला अधिकारी की चल व अचल संपत्ति को खंगालने की दिशा में भी विजिलेंस द्वारा जल्द ही कदम उठाया जा सकता है। जांच में ये भी सामने आया है कि दो अभ्यर्थियों को ये प्रश्न पत्र 50 हजार व एक लाख में बेचा गया था। एक ने कुछ राशि ऑनलाइन भी ट्रांसफर भी की थी,जबकि शेष नगद दी गई थी।
उल्लेखनीय है कि दिन-रात मेहनत कर पारदर्शिता से परिणाम घोषित करने वाले हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग की छवि को एक महिला अधिकारी की कथित करतूत ने दागदार कर दिया। स्टेट विजिलेंस व एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम का दोपहर 1ः20 बजे तीर उस समय निशाने पर लगा, जब लीक प्रश्न पत्र समेत आयोग मुख्यालय की गोपनीय शाखा की अधिकारी उमा आजाद को रंगे हाथों ही लेनदेन करते काबू कर लिया गया। आयोग की गोपनीय ब्रांच में कार्यरत वरिष्ठ अधीक्षक उमा आजाद और उसके बेटे निखिल आजाद को विजिलेंस की टीम ने रिश्वत की रकम ढाई लाख रुपये और हल किए प्रश्नपत्र के साथ गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक अभिलाष ने जेओए आईटी पेपरलीक के संबंध में विजिलेंस को सूचना दी। उसने विजिलेंस को संजय नाम के शख्स के बारे में बताया। संजय ने अभिलाष को 2.50 लाख रुपये में जेओए आईटी का प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाने की बात कही। जेओए आईटी पोस्ट कोड 965 की यह परीक्षा 25 दिसंबर को आयोजित होनी थी। विजिलेंस की टीम ने तथ्यों को जांचा और फिर सुनियोजित तरीके से अभिलाष को साथ लेकर जाल बिछाया। शुक्रवार को फिर आरोपी संजय ने अभिलाष को संपर्क किया और एनआईआईटी हमीरपुर के पास बुलाया। दोनों यहां मिले। इसके बाद आरोपी संजय अभिलाष को हमीरपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ले गया।
उसके बाद यह दोनों हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में कर्मचारी चयन आयोग की गोपनीय ब्रांच में कार्यरत वरिष्ठ अधीक्षक उमा आजाद के घर पर पहुंचे। यहां पर वरिष्ठ अधीक्षक उमा आजाद और उसके बेटे निखिल आजाद को रिश्वत की रकम ढाई लाख रुपये और हल किए प्रश्नपत्र के साथ गिरफ्तार किया गया। विजिलेंस ने कर्मचारी चयन आयोग के हमीरपुर स्थित कार्यालय में डेरा डाला हुआ है। पेपर लीक और रिश्वत का मामला आयोग के कार्यालय से बाहर आया है। आज सुबह छह बजे प्रदेश भर के उपमंडल के लिए आयोग से टीमें रवाना हुई थीं। रिश्वत और पेपर लीक करने वाली वरिष्ठ अधीक्षक उमा आजाद आज घुमारवीं गई हुई थी।
उमा आजाद उपमंडल सुजानपुर की रहने वाली है और हमीरपुर में भी घर बनाया है। पिछले तीन वर्षों से चयन आयोग की गोपनीय ब्रांच में सेवाएं दे रही थी। अभी इस मामले में विजिलेंस की कार्रवाई जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजिलेंस रेणू शर्मा ने कहा कि विजिलेंस की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सार्वजनिक होगी। जेओए आईटी की परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 476 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। कोई 1,03,344 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे।कर्मचारी चयन आयोग ने मई 2022 में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट आईटी के 198 पदों के लिए आवदेन मांगे थे। अक्टूबर 2022 में 121 पद और जोड़े गए। अब यह भर्ती कुल 319 पद भरने के लिए आयोजित की जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *